उन्नाव।देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने के संकल्प के साथ, आगामी 14 दिसंबर, 2025 से शुरू होने वाले सघन पल्स पोलियो अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए बुधवार को तहसील स्तरीय टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता कर रहे उपजिलाधिकारी बृजमोहन शुक्ला ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि 0 से 5 वर्ष तक की आयु का कोई भी बच्चा पोलियो खुराक से वंचित न रहे। 14 दिसंबर, 2025 को ‘बूथ दिवस’ रहेगा, जहां सभी नामित बूथों पर बच्चों को पोलियो की दो बूंदें पिलाई जाएंगी। 15 दिसंबर से अभियान की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को खुराक पिलाएंगी। उपजिलाधिकारी ने विशेष रूप से ईंट-भट्टों, निर्माण स्थलों, मलिन बस्तियों और रेलवे स्टेशनों/बस अड्डों जैसे ट्रांजिट प्वाइंट पर रहने वाले घुमंतू बच्चों पर ध्यान केंद्रित करने का निर्देश दिया। अधिकारियों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (फेसबुक, व्हाट्सएप, एक्स) तथा रैलियों के माध्यम से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया गया, ताकि अभिभावकों को टीके के महत्व के बारे में जागरूक किया जा सके।
अभियान को सफल बनाने के लिए एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं और आंगनबाड़ी सेविकाओं की टीमें गठित की गई हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के प्रतिनिधि व यूनीसेफ की संजू झा ने भी पर्यवेक्षण और तकनीकी सहायता देने की पुष्टि की। बैठक में “एक भी बच्चा छूट गया- तो सपना अपना टूट गया”‘ के संकल्प को दोहराया गया। सभी स्वास्थ्यकर्मियों ने इस राष्ट्रीय अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने का प्रण लिया। उपजिलाधिकारी ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने 5 वर्ष से कम आयु के सभी बच्चों को पोलियो बूथ पर लाकर खुराक अवश्य दिलवाएं। इस मौके पर यूनीसेफ की संजू झा, सीएससी बांगरमऊ के चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर मुकेश कुमार, सीएससी एफ 84 के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर संजीव कुमार, तथा स्थानीय निकाय सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।





