बांगरमऊ उन्नाव।नगर के मोहल्ला पटेल नगर में पालिका द्वारा पेयजल हेतु बिछाई गई भूमिगत पाइपलाइन चंद महीनों में ही टूट कर बहने लगी । सभासदों और नागरिकों ने जिला अधिकारी को संबोधित पत्र अधिशाषी अधिकारी को सौंप कर पाइपलाइन की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग उठाई है। सभासद गीता रानी अर्कवंशी व शिव देवी अर्कवंशी की अगवाई में रेखा यादव , कांति , शशि , तारावती , राहुल , विमलेश , नितेश शुक्ला, आनंद अर्कवंशी आदि नागरिकों द्वारा सौंप गए पत्र में कहा गया है कि करीब 5 माह पूर्व नगर पालिका परिषद के ठेकेदार द्वारा संडीला मार्ग से लेकर फौजी के मकान तक भूमिगत पाइपलाइन बिछाई गई है । पाइपलाइन बेहद घटिया किस्म की होने के चलते जगह-जगह टूट रही है और उससे पानी निकल रहा है। बावजूद इसके उस पर सीसी मार्ग का निर्माण कर दिया गया है। नागरिकों ने कहा है कि जब नए नलकूप से पाइपलाइन जोडी जाएगी तब यह लाइन एक घंटा भी नहीं टिक पाएंगी । नागरिकों ने जिला अधिकारी से ठेकेदार द्वारा बिछाई गई पाइपलाइन की गुणवत्ता की जांच कर कार्रवाई करने और क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की जगह उच्च क्वालिटी की पाइप लाइन बिछाए जाने की मांग उठाई है।




