बांगरमऊ,उन्नाव ।शराब बिक्री का आरोप लगा कर भाजपा नेता के ढाबे पर तांडव करने वाले कोतवाल की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं । पुलिस अधीक्षक ने आरोपी कोतवाल और संबंधित पुलिस चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर कर दिया है । वहीं जिला अधिकारी ने डॉक्टरो की तीन सदस्य टीम से घायल ढाबा संचालक व उनके परिवार का चिकित्सीय परीक्षण करवाया है । चिकित्सीय परीक्षण में स्पष्ट रूप से पुलिस की बर्बरता सामने आई है ।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मुर्तजापुर निवासी भाजपा कार्यकर्ता अवधेश कटियार पुत्र हरिकृष्ण हरदोई उन्नाव मार्ग पर आगरा एक्सप्रेसवे के निकट ढाबा का संचालन करते हैं। ढाबे पर अवैध रूप से शराब बिक्री का आरोप लगाकर गत 6 दिसंबर को देर रात कोतवाल अनुराग सिंह गंज मुरादाबाद पुलिस चौकी इंचार्ज सतीश द्विवेदी , बांगरमऊ पुलिस चौकी इंचार्ज अजय यादव , उप निरीक्षक वीरेंद्र विक्रम सिंह , आरक्षी दीपक व गोविंद आदि पुलिस कर्मियों के साथ ढाबे पर जा पहुंचे और ढाबा खुला देख गाली गलौज करने लगे । कोतवाल अनुराग सिंह बस यही नहीं रुके । उनके सारे पर पुलिस कर्मियों ने ढाबा संचालक , उसकी पत्नी , उसके पुत्रों तथा कर्मचारियों पर कहर ढाना शुरू कर दिया। ढाबे में लगा सीसीटीवी कैमरा तोड़ दिया । गोलक में रखी नकदी निकाल ली। ढाबा संचालक की पत्नी ममता का आरोप है कि महिला पुलिस की अनुपस्थिति मे कोतवाल ने उनके साथ बदसलूकी की । इसके बाद पुलिस ढाबा संचालक और उसके पुत्रों सहित चार लोगों को कोतवाली लेकर चली गयी । ढाबा संचालक के पुत्र ने बताया कि कोतवाली ले जाने के बाद उन्हें सीसीटीवी कैमरे की जद से बाहर ले जाया गया । जहाँ पुलिस ने सभी की लाठी डंडो से जमकर पीटा गया।




