डबल चोरी की वारदातों का किशनपुर पुलिस ने किया खुलासा बड़ी सफलता

0
68

फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र में दर्ज दो सनसनीखेज चोरी की वारदातों का पुलिस ने त्वरित खुलासा कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लाखों की नकदी सहित चोरी किया गया भारी माल बरामद किया है।

बीते दिनों अकेलवा चौराहा (चांदपुर अर्जुनपुर गढ़ा) स्थित ग्राहक सेवा केंद्र संचालक से 4 लाख रुपये की चोरी तथा विजयीपुर चौराहे पर हुई दूसरी चोरी की घटना में पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर गंभीरता से जांच शुरू की थी। दोनों मामलों में त्वरित खुलासा सुनिश्चित करने हेतु पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह ने थाना प्रभारी, संयुक्त टीम व एसओजी को अलग-अलग टीमें गठित कर शीघ्र अनावरण के निर्देश दिए थे। खुलासा होने पर 25 हजार रुपये का पुरस्कार भी घोषित किया गया था।

लगातार सुरागरसी, पतरकी व प्रत्येक बिंदु की बारीकी से पड़ताल करते हुए पुलिस एक शातिर चोर तक पहुँची। मंगलवार रात विजयीपुर चौराहे पर संदिग्ध वाहन जांच के दौरान टीम को एक बाइक सवार संदिग्ध दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रोकने का इशारा करने पर वह वाहन मोड़कर तेजी से भागने लगा और गोंदौरा गांव किनारे बाग में अनियंत्रित होकर गिर पड़ा।

सूचना पर किशनपुर एवं खखरेरू थाना प्रभारी, एसओजी टीम ने मौके पर पहुँचकर घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में आत्मरक्षा हेतु की गई फायरिंग में उसके दाहिने पैर में गोली लगने से वह घायल होकर पकड़ा गया। पुलिस ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनील केसरवानी (22 वर्ष) पुत्र मेवालाल निवासी पुरानी बाजार, थाना खखरेरू के रूप में हुई। गहन पूछताछ में उसने दोनों चोरी की वारदातों का कबूलनामा किया तथा उसके पास से ₹3,39,200 नकदी, दो लैपटॉप, एक वीवो मोबाइल, 315 बोर तमंचा, एक जिंदा, एक मिस व एक खाली कारतूस, आधार कार्ड, डेबिट-क्रेडिट कार्ड, अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज तथा हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई।

पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह ने दोनों मामलों का प्रभावी अनावरण करने के लिए पूरी संयुक्त टीम की प्रशंसा की। पूरे अभियान का पर्यवेक्षण खागा क्षेत्राधिकारी प्रमोद कुमार शुक्ल द्वारा किया गया। गिरफ्तार आरोपी कई अन्य चोरी की घटनाओं में भी वांछित बताया जा रहा है।

गिरफ्तारी व खुलासा करने वाली टीम में शामिल रहे थाना प्रभारी किशनपुर सत्यदेव गौतम, उपनिरीक्षक पंकज कुमार, प्रदीप कुमार यादव, मोहम्मद ताज हसन, हेड कांस्टेबल कृष्णदेव,
थाना प्रभारी खखरेरू विद्या प्रकाश सिंह, हेड कांस्टेबल विवेकानंद, कांस्टेबल दीपक कुमार, अजीत कुमार यादव,
एसओजी प्रभारी विनोद कुमार यादव, हेड कांस्टेबल अमित सिंह, शैलेंद्र कुशवाहा, अभिमन्यु पटेल, कांस्टेबल बृजेश पाल, राहुल कुमार शामिल रहे।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here