सरसौल,कानपुर। थाना महाराजपुर के अंतर्गत महाराजपुर कस्बे में सड़क सुरक्षा यातायात माह के तहत एक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का आयोजन महाराजपुर पुलिस और यातायात पुलिस ने मिलकर कराया , इस अभियान के अंतर्गत वाहन चालकों, क्षेत्रीय ग्रामीणों और राहगीरों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
इस कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने एक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। फिल्मी अंदाज में पेश किए गए इस नाटक में यह समझाया गया कि यातायात नियमों का पालन कितना महत्वपूर्ण है। नाटक में दिखाया गया कि वाहन चालक भले ही पुलिस से बच जाएं, लेकिन सड़क हादसे हो जाने पर वे यमराज से नहीं बच पाते। महाराजपुर इंस्पेक्टर प्रभारी राजेश कुमार ने अपनी टीम और ट्रैफिक पुलिस के साथ ‘यमराज’ का किरदार निभाकर संदेश को प्रभावशाली बनाने का कार्य किया।




