शिवली,कानपुर देहात। पैतृक जमीन पर बनी नाद को तोड़े जाने का विरोध करने पर दबंगों ने एक व्यक्ति के साथ गाली गलौज कर जान से मार देने की धमकी दी। पीड़ित व्यक्ति ने एक महिला समेत दो सगे भाइयों के खिलाफ घटना की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिवली कोतवाली क्षेत्र के झम्मा नेवादा गांव निवासी शिवनाथ पुत्र गोवर्धन लाल ने रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए पुलिस को बताया कि उसकी पैतृक जमीन का करीब 40 वर्ष पूर्व परिवार के लोगों के बीच बंटवारा हो चुका था। 18 वर्ष पूर्व उसने अपने मकान की सहन की पैतृक जमीन पर जानवरों के लिए पक्की नाद बनवा ली थी। बीते 14 नवंबर को गांव के ही दबंग रामराज एवं सुशील कुमार उर्फ छोटे पुत्रगण शिवराम ने दबंगई के बल पर उसकी नाद तोड़ दी। जब उसने नाद तोड़े जाने का विरोध किया तो रामराज सुशील कुमार एवं ममता पत्नी सुशील कुमार गाली गलौज कर जान से मार देने की धमकी देने लगे। कोतवाल प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।




