उन्नाव।बांगरमऊ नगर क्षेत्र तिकोनिया पार्क के पास मंगलवार सुबह एक सड़क हादसे में किशोर (13) की मौत हो गई। हरदोई-उन्नाव मार्ग पर मिश्रा मार्केट के सामने एक तेज रफ्तार कंटेनर ने मोपेड को टक्कर मार दी।
जिससे मोपेड पर पीछे बैठा दाऊद पुत्र असीम (13) सड़क पर गिर गया। अनियंत्रित कंटेनर के नीचे कुचल गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मोपेड चला रहा दूसरा किशोर इस हादसे में बाल-बाल बच गया, उसे मामूली चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद एक प्रत्यक्षदर्शी बाइक सवार ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और कंटेनर को कब्जे में ले लिया। कंटेनर चालक को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों में सड़क हादसों में बढ़ती लापरवाही को लेकर रोष देखा गया। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए सड़क पर यातायात सुचारू कराया।
मृतक किशोर की पहचान दाऊद के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दी, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे। परिजनों के पहुंचने पर वहां चीख-पुकार मच गई और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था। ग्रामीणों ने बताया कि दाऊद होशियार और शांत स्वभाव का बच्चा था, जिसकी अचानक मौत से पूरा इलाका सदमे में है।
पुलिस टीम मौके की गहन जांच कर रही है। हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




