नशे में धुत चालक से बाल-बाल बची बड़ी तबाही गैस सिलेंडर से लदा ट्रक पलटा, चिंगारी पड़ती तो उड़ जाता पूरा इलाका

0
98

उन्नाव।सोमवार सुबह बांगरमऊ–बिल्हौर मार्ग पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब गैस सिलेंडर से लदा ट्रक सड़क किनारे पलट गया। गनीमत रही कि कोई चिंगारी नहीं निकली, वरना सैकड़ों सिलेंडरों से भरा ट्रक पूरे इलाके को दहला देता। हादसे के पीछे की वजह बनी चालक की नशेबाजी।

जानकारी के मुताबिक कानपुर देहात के रसूलाबाद निवासी आलोक कुमार पनकी स्थित गैस प्लांट का ट्रक लेकर हरदोई के संडीला की ओर निकला था। रास्ते में उसने केबिन में रखी शराब की बोतल निकालकर पूरी गटक ली। इसके बाद तेज रफ्तार और नशे में धुत चालक ट्रक को बेकाबू चला रहा था।

सुबह करीब 10 बजे जब ट्रक भुड्डा चौराहा के पास पहुंचा तो चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन खंती में पलट गया। ट्रक में लदे 354 रसोई गैस सिलेंडर सड़क पर बिखर गए। स्थानीय लोगों की सांसें थम गईं—अगर आग की एक चिंगारी भी लग जाती, तो आसपास का इलाका राख में बदल जाता।

सूचना पर दमकल विभाग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बिखरे सिलेंडरों को सुरक्षित एक जगह रखवाया गया। गैस प्लांट प्रबंधन को दूसरे ट्रक की व्यवस्था के निर्देश दिए गए।
कोतवाल चंद्रकांत सिंह ने बताया कि चालक नशे की हालत में है और फिलहाल हिरासत में लिया गया है। प्लांट प्रशासन को सूचित कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here