हैबतपुर गांव गंदे पानी में डूबा आवागमन हुआ ठप शिकायत के बाद नहीं हुआ समाधान, ग्रामीणों में बढ़ी नाराज़गी

0
95

बांगरमऊ,उन्नाव।विकास खंड की ग्राम पंचायत हैबतपुर में अधिकारियों से कई बार शिकायत के बाद भी सीसी रोड सहित कई जगहों पर गंदा पानी भरा है।जिससे ग्रामीणों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। उनके घरों तक पानी पहुंचने लगा है। लोगों ने उन गलियों से निकलना बंद कर दिया है।
करीब डेढ़ माह पूर्व गांव के कुछ लोगों ने सीसी रोड पर पानी बांध दिया। जिसके चलते स्थिति और खराब हो गई है। गांव की सीसी रोड पर गंदा पानी भरा हुआ है जिससे आवागमन पूरी तरह से बंद है। ग्रामीणों ने बताया कि नाली के गंदे पानी की निकासी बन्द होने से मुख्य मार्ग अवरुद्ध हो गया है। इससे अब गांव में संक्रामक रोग फैलने का खतरा मंडरा रहा है। लेकिन अभी तक प्रशासन द्वारा इस गंभीर समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दिया है।
ग्राम प्रधान मोना देवी ने बताया कि पंचायत भवन के पास बरसात और घरों का गंदा पानी निकासी न होने से लगातार इकट्ठा हो रहा है, जो मुख्य सड़क तक पहुंच गया है। पानी निकलने का रास्ता उत्तर दिशा की तरफ चकरोट से होकर माइनर तक जाता है, जिसकी खुदाई करीब दो साल पूर्व कराई गई थी। लेकिन ग्रामीणों ने चकरोट और माइनर को जोतकर खेत बना लिया है, जिससे आवागमन और पानी निकासी पूरी तरह बंद हो गई है। जिनके खेत है उन लोगों ने गांव के अंदर जगह- जगह पर पानी को बांध दिया है। जिससे अब गांव के लोगों की और समस्या बढ़ गई है।
ग्राम प्रधान ने बताया पानी की निकास के लिए नाली निर्माण कार्य शुरू किया गया था, किंतु कुछ भूस्वामियों के विरोध के कारण कार्य बीच में ही रुक गया। नतीजतन पूरा गांव गंदे पानी में डूब गया है। ग्रामीणों द्वारा की गई शिकायतों के बावजूद अब तक जिम्मेदार अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की है। ग्राम प्रधान सहित ग्रामीणों ने अधिकारियों से जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।
गांव के रहने वाले रूप सिंह ने बताया कि यह निकासी मार्ग करीब 100 वर्षों से उपयोग में था। लेकिन जिन किसानों की जमीन इस रास्ते पर थी, उन्होंने उसका कुछ हिस्सा आवासीय उपयोग के लिए बेच दिया। नई बस्तियां बस जाने के बाद प्राकृतिक निकासी मार्ग अवरुद्ध हो गया, और अब हर बरसात में गांव तालाब बन जाता है। कई अधिकारी मौके पर आए, आश्वासन देकर लौट गए, पर समस्या जस की तस है।
गांव के रहने वाले झम्मन लाल ने बताया कि गांव में मेरे घर के सामने डेढ़ माह से गंदा पानी भरा है। निकलने में समस्या हो रही है। उसके अंदर घुसकर जाना पड़ रहा है। बीमारियां फैल रही है। कई बार प्रधान सहित लोगों से शिकायत की, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ है।
गांव के विमलेश कुमार ने बताया कि गांव के कुछ लोग सीसी रोड पर पानी को बांध रखा है। जिससे पैदल और ट्रैक्टर कुछ निकल नहीं पा रहा है। भागवत कथा का आयोजन चल रहा है। देवी जी के मंदिर पर जाने के लिए लोगों को परेशानी हो रही है। पानी निकास के लिए अभी तक कोई व्यवस्था न होने से जहरीले मच्छर आदि पनपने से बीमारियां फैल रही है।

गांव की रहने वाली बुजुर्ग महिला जगरानी ने बताया कि गांव के लोगों ने खेत में पानी लेने से मना कर दिया, जिससे गंदा पानी घरों के सामने भरा है। पहले उनके खेत में जाता था। जिसकी वजह से अब उन लोगों ने पानी को बांध दिया है। जिसकी वजह से समस्या और बढ़ गई है।
इस संबंध में जब संवाददाता ने बांगरमऊ के एसडीएम ब्रजमोहन शुक्ला से बात कि तो उन्होंने बताया कि मामला संज्ञान में है। शीघ्र ही कई संयुक्त टीमें गठित कर मौके का निरीक्षण कराया जाएगा। जल भराव की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

देखे फोटो।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here