उन्नाव।किसानों की जरूरत पर कालाबाजारी करने वालों की नजर गड़ी है! जिले में खाद की बढ़ती मांग के बीच नकली उर्वरक का गोरखधंधा जोरों पर है। शुक्रवार देर रात करीब साढ़े 12 बजे जिला कृषि अधिकारी शशांक चौधरी ने दही औद्योगिक क्षेत्र के पीछे बने एक खाली पड़े शेड पर छापा मार कर भारी मात्रा में नकली खाद बरामद की।
छापेमारी के वक्त मौके पर मौजूद लोग कथित खाद की बोरियां लोडर पर लादने में जुटे थे। जैसे ही टीम पहुंची, कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि कृषि विभाग की टीम ने
पिकअप चालक और क्लीनर को धर दबोचा
कृषि अधिकारी चौधरी ने बताया कि 220 बोरियों से भरा लोडर दही थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। पकड़े गए चालक और क्लीनर पूछताछ में टालमटोल और भ्रम फैलाने की कोशिश करते रहे, जिसके बाद दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
जांच में सामने आया है कि यह नकली खाद लखनऊ से लाकर दूरदराज के गांवों में खपाई जा रही थी, ताकि खाद की किल्लत का फायदा उठाकर किसानों की जेब पर डाका डाला जा सके। पकड़े गए आरोपियों ने शुरुआती पूछताछ में बताया कि खाद की बोरियां रायबरेली ले जाई जा रही थीं।
थानाध्यक्ष अवनीश सिंह ने पुष्टि की कि आरोपियों से पूछताछ जारी है, और जल्द ही इस गोरखधंधे के पीछे की पूरी चेन का खुलासा किया जाएगा।
किसानों की मेहनत पर मुनाफाखोरों का यह खेल अब पुलिस की रडार पर है — अब देखना यह है कि क्या प्रशासन इस ‘खाद माफिया’ पर नकेल कस पाएगा या यह कारोबार फिर किसी अंधेरे शेड में सिर उठाएगा।
देखे फोटो।





