उन्नाव।भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आज दिनांक 31 अक्टूबर 2025 को रिजर्व पुलिस लाइन, उन्नाव में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मा0 सांसद डॉ. स्वामी सच्चिदानंद हरि साक्षी जी महाराज ने प्रतिभाग किया, जिनका स्वागत जय प्रकाश सिंह, पुलिस अधीक्षक उन्नाव द्वारा पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंटकर किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मा0 विधायक सदर पंकज गुप्ता, मा0 विधायक पुरवा अनिल सिंह, मा0 विधायक सफीपुरबंबालाल दिवाकर, मा0 जिला जज अनिल कुमार वर्मा तथा जिलाध्यक्ष भाजपा अनुराग अवस्थी सहित अनेक गणमान्यजन एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे। इस अवसर पर सुश्री कृति राज, मुख्य विकास अधिकारी उन्नाव, सुशील कुमार, अपर जिलाधिकारी उन्नाव,अखिलेश सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी तथा जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी एवं पुलिस कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ सभी अतिथिगण, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने एक साथ राष्ट्रीय एकता की शपथ ग्रहण किया। इस अवसर पर देश की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा को बनाए रखने का संकल्प दोहराया गया। तत्पश्चात परेड ग्राउंड में आयोजित राष्ट्रीय एकता परेड की मा0 सांसद डॉ. साक्षी जी महाराज ने सलामी ली। परेड में शक्ति वाहिनी दल की स्कूटी टीम, मोटरसाइकिल रैली, दंगा नियंत्रण वाहन, एवं रिक्रूट आरक्षियों की टुकड़ियाँ विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। महिला आरक्षियों की संगठित, अनुशासित एवं ऊर्जावान प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। इसके उपरान्त मा0 मुख्य अतिथि डॉ. साक्षी महाराज ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि “सरदार पटेल ने जिस प्रकार देश की 562 रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर भारत के अखंड स्वरूप की नींव रखी, वह प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है। राष्ट्रीय एकता दिवस हमें यह संदेश देता है कि देश की एकता और अखंडता सर्वोपरि है, जिसके लिए हमें सदैव तत्पर रहना चाहिए।” पुलिस अधीक्षक उन्नाव श्री जय प्रकाश सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि “राष्ट्रीय एकता दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं बल्कि एक अवसर है यह स्मरण करने का कि भारत की ताकत उसकी विविधता में निहित है। हमें समाज के हर वर्ग तक एकता, सौहार्द और सद्भाव का संदेश पहुँचाना चाहिए।” उन्होंने जनपद के नागरिकों से शांति, भाईचारे एवं सहयोग की भावना बनाए रखने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान राइजिंग डांस एकेडमी ट्रॉफी ग्रुप तथा किंगसन इंटर कॉलेज के छात्रों द्वारा सरदार वल्लभाई पटेल के जीवन से प्रेरित सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्होंने उपस्थित दर्शकों का हृदय जीत लिया। इन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का संयोजन डॉ. आशीष श्रीवास्तव, प्रभारी परिवार परामर्श समिति द्वारा किया गया, जिन्होंने कार्यक्रम में अनुशासन एवं सौहार्द का उत्कृष्ट समन्वय सुनिश्चित किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के उपरांत राष्ट्रीय एकता रैली को मा0 मुख्य अतिथि डॉ. साक्षी महाराज एवं पुलिस अधीक्षक उन्नाव श्री जय प्रकाश सिंह द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस रैली में महिला आरक्षियों की स्कूटी सवार शक्ति वाहिनी टीम, मोटरसाइकिल सवार पुलिस कर्मी शामिल रहे। रैली ने नगर क्षेत्र में भ्रमण करते हुए नागरिकों को राष्ट्रीय एकता, सद्भाव एवं भाईचारे का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। पुलिस अधीक्षक उन्नाव ने सभी उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में राष्ट्रीय चेतना और सामूहिक उत्तरदायित्व की भावना को सशक्त करते हैं।इस प्रकार, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर उन्नाव पुलिस लाइन में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम न केवल एक प्रशासनिक आयोजन रहा, बल्कि एक प्रेरक सामाजिक संदेश बनकर उभरा —“एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना के साथ।





