बांगरमऊ संडीला मार्ग पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग ने जोर पकड़ा

0
112

बांगरमऊ,उन्नाव। क्षेत्र की सामाजिक संस्था मानव उत्थान सेवा समिति की अध्यक्ष श्रीमती सुनीता कुशवाहा के नेतृत्व में जिलाधिकारी उन्नाव को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट उन्नाव को सौंपा गया।
इस ज्ञापन में बांगरमऊ–संडीला मुख्य मार्ग पर स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर आर.ओ.बी. (रेलवे ओवरब्रिज) के शीघ्र निर्माण की माँग की गई। यह पुल बांगरमऊ और संडीला के बीच का सबसे व्यस्त मार्ग है । जहाँ दिन भर फाटक बंद रहने से रोगी वाहन, तहसील कर्मी,छात्र, व्यापारी और आम जनता को भारी असुविधा होती है।
मालूम हो कि इस रेलवे क्रॉसिंग पर दिन में अधिकतर समय फाटक बंद रहने से जनता की रोजमर्रा की ज़िंदगी प्रभावित होती है। कई बार रोगी वाहन और छात्र समय पर गंतव्य तक नहीं पहुँच पाते। यह समस्या केवल असुविधा नहीं, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा और जीवन से जुड़ा प्रश्न बन चुकी है। शासन को अब इसे गंभीरता से लेकर ओवरब्रिज निर्माण की दिशा में तत्काल निर्णय लेना चाहिए।”
उन्होंने आगे बताया कि लोक निर्माण विभाग (PWD) लोनिंग, उन्नाव की रिपोर्ट (पत्रांक–273/मापमु/संदर्भ दिनांक 28/07/2025) में इस पुल के निर्माण का प्रस्ताव वर्ष 2025–26 की कार्ययोजना में शामिल किया गया है और राज्य सेतु निगम तथा रेलवे विभाग को भेजा भी जा चुका हैं।
बताते हैं कि बांगरमऊ–संडीला मार्ग पर प्रस्तावित आर.ओ.बी. का प्रकरण अभी तक जिलाधिकारी स्तर से शासन को अग्रसारित नहीं किया गया है। इससे क्षेत्र की जनता में निराशा और रोष भर गया है, क्योंकि यह पुल जिले के 17 आर.ओ.बी. प्रस्तावों में अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान रखता है।
समिति ने जिलाधिकारी महोदय से अनुरोध किया है कि वे तत्काल इस प्रस्ताव को शासन को अग्रसारित कराएं, ताकि बांगरमऊ क्षेत्र को लंबे समय से इस रेलवे क्रासिंग से मिल रही यातायात समस्या का शीघ्र समाधान मिल सके।
इस अवसर पर धर्मराज कुशवाहा (उपाध्यक्ष), गिरीश कुशवाहा, नीलम कुशवाहा, श्यामा देवी एवं समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
श्रीमती सुनीता कुशवाहा ने बताया कि यदि इस विषय पर शीघ्र कार्यवाही नहीं होती, तो वे माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश से भेंट कर व्यक्तिगत रूप से यह मुद्दा उनके समक्ष रखेंगी, ताकि बांगरमऊ क्षेत्र के विकास और जनता की सुरक्षा से जुड़ी इस महत्वपूर्ण माँग को शीघ्र स्वीकृति मिल सके।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here