बांगरमऊ उन्नाव।कोतवाली क्षेत्र के गांव लहरापुर मजरा चिंगरपुरवा में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई ,जब ग्राम प्रधान के घर के पीछे खेत में एक किशोरी का खून से लथपथ शव बरामद हुआ। मृतका की पहचान आरती (16) पुत्री अमर सिंह के रूप में हुई । प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि उसकी चाकू से गोदकर निर्मम हत्या की गई थी। उसके शरीर पर कई जख्म मिले है।
घटना की जानकारी मिलते ही बांगरमऊ पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
परिजनों के अनुसार मृतका आरती गुरुवार की सुबह बुआ सोनी के साथ गंजमुरादाबाद कस्बे में भैयादूज का सामान लेने जा रही थी , कुछ देर बाद जानकारी मिली कि आरती का शव खून से लथपथ ग्राम प्रधान के घर के पीछे खेत में पड़ा मिला। आरती का शव देख परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
परिजनों ने गांव के दो युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आरती का कुछ दिन पहले गांव के एक युवक से विवाद हुआ था, जिसके बाद से उसे धमकियाँ मिल रही थीं। आशंका जताई जा रही है कि चुनावी रंजिश के चलते ही यह वारदात अंजाम दी गई है।
आरती अपने चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थी। उसका बड़ा भाई अंकित (18) दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता है। उसकी छोटी बहन पूर्वा (12) और छोटा भाई अभिषेक (8) हैं। उसके पिता अमर सिंह टीबी के मरीज हैं। सभी का रो रोकर बुरा हाल बना हुआ है।
घटना की जानकारी पर सीओ बांगरमऊ संतोष सिंह, एएसपी प्रेमचंद, तथा चौकी प्रभारी सतीश द्विवेदी सहित भारी पुलिस बल गांव पहुँचा। पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई।




