मंदिर परिसर मे जलभराव के कारण विधायक निधि से लगवाए गए उपकरण हो रहे बर्बाद

0
115

शिवली,कानपुर देहात। नगर के चौमुखी विकास का ढिंढोरा पीटने वाली शिवली नगर पंचायत का जिम्मेदारों की लापरवाही एवं मनमानी के चलते हुआ बुरा हाल। नगर पंचायत प्रशासन द्वारा बरसात से पहले बरसाती नालों की सफाई के नाम पर मात्र औपचारिकता कर सरकारी धन खर्च करने के बाद भी जल भराव की समस्या से जूझ रहे हैं कस्बे के लोग। यह किसी गांव का तालाब नहीं बल्कि कस्बा शिवली स्थित ओंकारेश्वर धाम मंदिर का परिसर है। नगर पंचायत प्रशासन द्वारा जल निकासी का समुचित प्रबंध न किए जाने एवं बरसाती नाले की सफाई न करवाये जाने के कारण बारिश समाप्त होने के इतने दिनों बाद भी मंदिर परिसर जलमग्न है। जल भराव होने के कारण मंदिर परिसर में युवाओं व बुजुर्गों को व्यायाम करने के लिए विधायक निधि से लगवाए गए उपकरण भी हो रहे हैं बर्बाद। मंदिर के पुजारी एवं भक्तों ने नगर पंचायत प्रशासन पर लापरवाही बरते जाने का आरोप लगाया है। मंदिर परिसर में 25 अक्टूबर से सप्त दिवसीय भक्तमाल कथा सत्संग कार्यक्रम के आयोजन में समस्या खड़ी है। मोहल्ले के सभासद एवं मंदिर के पुजारी ने मंदिर परिसर का जल भराव समाप्त करवाए जाने एवं सफाई करवाएं जाने की मांग की है।
शिवली नगर पंचायत प्रशासन की मनमानी एवं लापरवाही सिर चढ़कर बोल रही है नगर के चौमुखी विकास करने का दावा करने वाले लोग नगर में व्याप्त गंदगी को भी देख नहीं पा रहे हैं सड़कों पर व्याप्त गंदगी एवं बजबजाती नालियां नगर की सफाई व्यवस्था की पोल खोल रही हैं। मजे की बात तो यह है कि धार्मिक स्थल भी नगर पंचायत प्रशासन की लापरवाही का शिकार हो रहे हैं। केंद्र एवं प्रदेश की भाजपा सरकार भले ही मंदिरों के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर देकर पैसा खर्च कर रही हों लेकिन शिवली नगर पंचायत प्रशासन सरकार की मनसा पर पानी फेर रहा है। नगर पंचायत प्रशासन द्वारा जल निकासी का समुचित प्रबंध न किए जाने एवं बरसाती नाले की सफाई न कराए जाने के कारण कस्बा शिवली में निरंकारी भवन के पीछे स्थित आस्था के प्रमुख केंद्र ओंकारेश्वर महादेव मंदिर का परिसर पूरी तरह से जलमग्न हो गया है। मंदिर परिसर में महीनों से जल भराव होने के कारण भाजपा विधायक एवं राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला द्वारा प्रमुख समाजसेवी वतनराज अग्निहोत्री की पहल पर नवयुवकों एवं बुजुर्गों को व्यायाम करने के लिए लाखों रुपए कीमत के लगवाए गए उपकरण बर्बाद हो रहे हैं। मंदिर के पुजारी सुशील मिश्रा एवं रामनगर मोहल्ले के सभासद अमित उर्फ कमल तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि मंदिर परिसर में आगामी 25 अक्टूबर से शब्द दिवसीय भक्तमाल कथा सत्संग कार्यक्रम का आयोजन होना है लेकिन जल भराव होने के कारण समस्या खड़ी हो गई है। सभासद ने नगर पंचायत प्रशासन पर भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए बताया कि नगर में सफाई की व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है कुछ खास स्थान को छोड़कर पूरे नगर में गंदगी का साम्राज्य व्याप्त है। मंदिर के पुजारी एवं सभासद ने मंदिर परिसर का जल भराव समाप्त करवाने एवं सफाई करवाएं जाने की मांग की है। अधिशासी अधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि जल भराव की जानकारी मिली है सफाई कर्मियों की टीम लगाकर समस्या का समाधान कराया जाएगा।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here