दो बाईकों की हुई आमने सामने टक्कर में दो लोगों की मौत हुई तथा दो हुए गम्भीर रूप से जख्मी

0
63

बांगरमऊ,उन्नाव।हरदोई-उन्नाव मार्ग पर गुलबहा मोड़ के पास शुक्रवार दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई। जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर बांगरमऊ पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटनास्थल हरदोई जिले के मल्लावां थाना क्षेत्र में होने के कारण मल्लावां पुलिस ने दोनों बाइकों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, उन्नाव जिले के बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र के ग्राम कबीरपुर खंभौली निवासी 40 वर्षीय पुष्पेंद्र पुत्र संतराम बांगरमऊ में एक ट्रैक्टर एजेंसी में कार्यरत थे। वह अपने सहकर्मी अनुज द्विवेदी पुत्र जनार्दन द्विवेदी (निवासी अतरौली, मोहनलालगंज, लखनऊ) के साथ बाइक से बांगरमऊ की ओर लौट रहे थे।
इसी दौरान शुक्रवार दोपहर करीब 3:45 बजे हरदोई-उन्नाव मार्ग पर गुलबहा मोड़ के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। दूसरी बाइक पर बांगरमऊ क्षेत्र के बेहटा कच्छ गांव निवासी रिंकू पुत्र सुरेश अपने भाई गोविंद के साथ किसी काम से जा रहे थे।
हादसे के बाद चारों घायलों को बांगरमऊ सीएचसी लाया गया। डॉक्टरों ने पुष्पेंद्र और रिंकू को मृत घोषित कर दिया। वहीं अनुज द्विवेदी और गोविंद को गंभीर हालत के चलते हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना के बाद से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
बांगरमऊ कोतवाली प्रभारी चंद्रकांत सिंह ने बताया कि घटना स्थल जनपद हरदोई के मल्लावां थाना क्षेत्र का है। सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here