घाटमपुर नयवेली पावर प्लांट में छ घंटे हंगामा, एसडीएम-एसीपी ने परिजनों को समझाया,3.50 लाख की आर्थिक सहायता और 13 लाख बीमा से दिलाने का मिला आश्वासन

0
90

संवाददाता,घाटमपुर। कानपुर के तहसील घाटमपुर के यमुना तटवर्ती स्थित नयवेली पावर प्लांट की अधीनस्थ बीजीआर कंपनी में सोमवार को हाइड्रोलिक सिलेंडर के गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई थी, वहीं हादसे में तीन मजदूर घायल हो गए थे, मंगलवार को मृतक के परिजनों ने पावर प्लांट गेट पर लगभग छ: घंटे हंगामा किया। एसडीएम और एसीपी ने परिजनों को समझाकर ठेकेदार से 3.50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता और इसके साथ परिजनों को बीमा कंपनी से 13 लाख रुपए की सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है। मंगलवार शाम 4:30 बजे परिजन शव को हमीरपुर पोस्टमार्टम हाउस से शव लेकर गृह जनपद फतेहपुर के लिए रवाना हो गए। सोमवार को रेलवे साइडिंग पर कोयला खाली करने वाली वैगन ट्रिपलर मशीन में 4 कुंतल का वजनी हाइड्रोलिक सिलेंडर लगाया जा रहा था। सिलेंडर को 10 फीट की ऊंचाई पर एक अस्थायी लोहे के स्ट्रक्चर (भाड़ा) पर रखकर फिट किया जा रहा था। इसी दौरान भाड़ा ढह गया और सिलेंडर नीचे गिर गया। सिलेंडर की चपेट में आने से फतेहपुर निवासी टेक्नीशियन नंदकिशोर की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं रायबरेली के शिवसागर, फतेहपुर के शिवचंद व सत्यप्रकाश घायल हो गए थे। शिवसागर को हमीरपुर जिला अस्पताल से कानपुर एलएलआर अस्पताल रेफर किया गया था। जहां पर घायल कर्मियों का उपचार चल रहा है। घटना के बाद सजेती पुलिस ने मजदूर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था, इधर मंगलवार दोपहर पावर प्लांट गेट पर पहुंचे परिजन अधिकारियों से बात करने की मांग पर अड़ गए, गेट पर तैनात सीआईएसएफ ने परिजनों को गेट से अंदर जाने से रोका तो उन्होंने गेट से 50 मीटर दूरी पर गेट के सामने रोड पर बबूल की डालें रखकर प्लांट जाने वाले वाहनों व कर्मचारियों को रोककर यातयात बाधित कर दिया। जानकारी मिलते ही घाटमपुर एसडीएम अविचल प्रताप सिंह घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत यादव सर्किल फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे, उन्होंने परिजनो को समझाया बुझाया साथ ही पावर प्लांट के गेस्ट हाउस में परिजनों और पावर प्लांट के अधिकारियों के बीच ठेकेदार ने मृतक के परिजनो को 3.50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता, और बीमा कंपनी से 13 लाख रुपए दिलाने का आश्वासन दिया। जिसपर परिजन मान गए और हमीरपुर पोस्टमार्टम हाउस से शव लेकर गृह जनपद फतेहपुर के लिए रवाना हो गए! घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत यादव ने बताया कि कंपनी और मृतक मजदूर के परिजनों के बीच आपस में बैठकर आपसी समझौता हो गया है। घायल कर्मचारी रायबरेली के शिवसागर, फतेहपुर के शिवचंद और सत्यप्रकाश का आरोप है, कि सिलेंडर को मशीन के बजाय जुगाड़ से लगाया जा रहा था। घायल और मृतक सभी मजदूर बीजीआर एनर्जी मसिस्टम लिमिटेड के लिए ठेके पर काम करने वाली राजीव रंजन कंस्ट्रक्शन कंपनी में कार्यरत थे। कर्मियों ने आरोप लगाया कि पिछले 10 महीनों से उन्हें सेफ्टी शूज़ और हेलमेट नहीं दिए गए हैं, और एक साल से नए ग्लव्स तक नहीं मिले हैं। ठेकेदार द्वारा जल्दी काम पूरा करने के प्रेशर के कारण यह हादसा हुआ।
घटना के बाद मृतक नंदकिशोर की पत्नी रमाकांती दो बच्चों 10 वर्षीय अभिषेक, 8 वर्षीय खुशबू का रो रोकर बुरा हाल है। पत्नी रमाकांती रो रोकर यह कहती है, कि मेरे बच्चों का भरण पोषण अब कौन करेगा, परिजन, रिश्तेदार पत्नी को ढांढस बंधा रहे थे।

देखे फोटो।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here