बांगरमऊ उन्नाव ।बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र में ग्राम सीताराम खेड़ा संपर्क मार्ग पर तेज़ रफ़्तार पिकअप लोडर ने खेत से भैंस लेकर अपने घर आ रही अधेड़ महिला को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रुप से घायल हो गई। परिजन घायल को लेकर लखनऊ जा रहे थे कि तभी रास्ते में महिला की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
ग्राम रसूलपुर रूरी के मजरा सीताराम खेड़ा निवासी साहबलाल की पत्नी प्रेमा 60 वर्ष आज रविवार की सुबह अपने खेत से भैंस लेकर वापस घर आ रही थी। तभी रास्ते में गांव के ही डामरीकृत संपर्क मार्ग पर तेज़ रफ़्तार पिकअप लोडर ने महिला के जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजन आनन-फानन घायल महिला को यहां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाए। जहां चिकित्सकों ने हालत नाज़ुक देखकर घायल को ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। परिजन घायल को लेकर लखनऊ जा रहे थे। तभी रास्ते में घायल महिला ने दम तोड़ दिया।
बताते हैं कि टक्कर मारने वाला पिकअप लोडर गांव के ही किसी छोटू नाम के व्यक्ति का है और दुर्घटना के समय लोडर शहनूर चला रहा था। महिला की रास्ते में मौत के बाद शव गांव लाए जाते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका के तीनों बेटे सरवन, संतराम और श्याम तथा दो विवाहित बेटियां सीमा व गुड़िया रो-रोकर बेहाल हैं। बेहटा थाना प्रभारी मुन्ना कुमार ने बताया कि घटना की तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर लोडर और उसके चालक के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जाएगी।




