मैथा,कानपुर देहात। जल निकासी न होने के कारण निराला नगर मोहल्ले मे पन्द्रह दिन पूर्व हुई बारिश के चलते जल भराव से शिवली कस्बे के निराला नगर मोहल्ले के लोगों को आज भी भारी मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। बताते चलें कि नगर पंचायत प्रशासन द्वारा कस्बा वासियों को जल भराव की समस्या से निजात दिलाए जाने के उद्देश्य से आठ पक्के बरसाती नालों का निर्माण कराया गया था जिनके माध्यम से बारिश का पानी पांडु नदी में चला जाता था। जो आज शिवली कस्बे के लिए अनुपयोगी साबित हो रहे हैं। नगर पंचायत प्रशासन की अनदेखी के चलते सभी नालों में सिल्ट जमा हो जाने के कारण उनसे पर्याप्त पानी निकासी नहीं हो पा रही है। बीते जून माह में नगर पंचायत प्रशासन द्वारा जेसीबी मशीन लगाकर नालों की सफाई कराई जाने की मात्र औपचारिकता पूरी कर दी गई थी सफाई अभियान के दौरान बरसाती नालों की सफाई तो नहीं हो सकी थी लेकिन इन नालों पर रखी हुई चटिया जरूर काफी संख्या में तोड़ दी गई थीं जिसके परिणाम स्वरूप 15 दिन पूर्व हुई बारिश के कारण नगर पंचायत के आधा दर्जन मोहल्लों में भीषण जल भराव हो गया था।पन्द्रह दिन बीत जाने के बाद भी निराला नगर मोहल्ले में बजबजाती नालियों के कारण सड़क पर जल भराव आज भी व्याप्त है। पन्द्रह दिनों से भरे बदबूदार पानी से उठने वाली सड़ांध से मोहल्ले के लोगों का जीना दूभर हो गया है। मोहल्ले के सुरेश, रमेश, बग्गा, राजेश, मुन्नीलाल, पिंटू, रवि, प्रकाश, नन्हू, मोन तथा दुल्लर आदि ने बताया कि जल भराव की समस्या को नगर पंचायत कार्यालय पहुंच जानकारी देकर जल निकासी कराए जाने की कई बार फरियाद की जा चुकी है लेकिन अब तक इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया है। अधिशासी अधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। सफाई कर्मचारियों को निराला नगर में सफाई कर जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।




