उन्नाव।जनपद उन्नाव के अजगैन थाना क्षेत्र में लखनऊ-कानपुर रेलमार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। कुसुंभी रेलवे स्टेशन के पास बंद पड़ी क्रॉसिंग को पार करते वक्त खेत से लौट रहे 48 वर्षीय किसान छेदी पुत्र बाबूलाल की ट्रेन से कटकर मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छेदी खाद डालकर खेत से वापस लौट रहे थे। जैसे ही उन्होंने रेलवे लाइन पार करने की कोशिश की, दोनों दिशाओं से ट्रेनों के आने की आवाज सुनाई दी। तब तक बहुत देर हो चुकी थी—एक ट्रेन की चपेट में आकर छेदी की मौके पर ही मौत हो गई।
कमाने वाला था अकेला, बेटी की शादी की चल रही थी तैयारी
छेदी अपने पीछे पत्नी आशा, बेटी पूजा (21), और दो पुत्र अंकित (18) व अखिलेश (14) को बेसहारा छोड़ गया। परिवार की आर्थिक हालत पहले से ही कमजोर थी। छेदी ही घर का इकलौता कमाने वाला था। वह इन दिनों अपनी बेटी की शादी के लिए रिश्ता तलाश रहा था, लेकिन किस्मत ने परिवार से उसका सहारा ही छीन लिया।
गांव में पसरा मातम, हर आंख नम
घटना की खबर फैलते ही गांव में मातम छा गया। पत्नी आशा का रो-रोकर बुरा हाल है, बच्चों की आंखें पिता के अंतिम दर्शन को तरसती रहीं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता दी जाए और क्रॉसिंग पर पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए जाएं ताकि भविष्य में ऐसे हादसे ना हों।




