बांगरमऊ,उन्नाव ।क्षेत्र के ग्राम गनीपुर में कृषि विज्ञान केन्द्र धौरा द्वारा बीते शनिवार को किसान सभा का आयोजन किया गया। सभा में किसानों को खेत की मिट्टी की सेहत के लिए परंपरागत उर्वरकों के स्थान पर नैनो यूरिया और डीएपी खाद प्रयोग करने की सलाह दी गई।
किसान सभा में वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक एस पी सिंह ने कहा कि यदि खेत की मिट्टी की सेहत बचाए रखना है तो किसानों को विज्ञान के साथ कदम से कदम मिलाकर चलना होगा। उन्होंने कहा कि परंपरागत यूरिया और डीएपी उर्वरकों से मिट्टी खराब हो रही है। साथ ही फसलों के उत्पादन में लागत बढ़ जाने किसानों को फसल का लाभकारी मूल्य नहीं मिल पा रहा है। जबकि नैनो यूरिया और डीएपी खाद से जहां मिट्टी की उपजाऊ शक्ति बरकरार रहेगी, वहीं उत्पादन में लागत घट जाने से किसानों को फसल का लाभकारी मूल्य मिल पाएगा। उन्होंने किसानों से नैनो तकनीक आधारित उर्वरक का प्रयोग करने की अपील की। सभा में कृषि वैज्ञानिक धीरज कुमार तिवारी व डॉ के एन तिवारी तथा आकाश वाणी लखनऊ के डाक्टर सुशील कुमार ने भी नैनो तकनीक पर विस्तृत चर्चा की। सभा की अध्यक्षता मानव उत्थान सेवा समिति की अध्यक्ष सुनीता कुशवाहा ने किया। सभा में धर्मराज कुशवाहा, सुखराम वर्मा, अयोध्या कुशवाहा, रामविलास सैनी व प्रहलाद कुशवाहा आदि प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया।




