उन्नाव।जिले के गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बालू घाट में मंगलवार दोपहर हुई लूट की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। तीन नकाबपोश बदमाशों ने मकान मालकिन और किरायेदार महिला को रस्सियों से बांधकर, मुंह में टेप लगाकर बंधक बनाया और घर का कोना-कोना खंगाल डाला। बदमाश लाखों की नगदी, सोने-चांदी के गहने और लाइसेंसी रिवॉल्वर लेकर फरार हो गए।
वारदात का पूरा घटनाक्रम
पीड़िता सीता शुक्ला घर पर अकेली थीं, बेटी स्कूल और पति राकेश शुक्ला व्यापार में व्यस्त थे।बदमाश किरायेदार रत्ना चौरसिया को चकमा देकर घर में दाखिल हुए और उन्हें रस्सियों से बांधकर कमरे में डाल दिया।
इसके बाद सीता शुक्ला को पकड़कर पीटा, हाथ में काटकर घायल किया और बंधक बना लिया।
अलमारी व संदूक तोड़कर बदमाशों ने करीब 10 लाख रुपये की नकदी, जेवर और रिवॉल्वर पार कर दी।
जाते-जाते महिलाओं को बेड पर रस्सियों से बांधकर कहा – “अब आराम से सो जाओ चाची।”
पड़ोसियों ने दी मदद
कुछ देर बाद महिलाओं की चीखें सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने दरवाजा तोड़कर दोनों को मुक्त कराया और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की कार्रवाई
गंगाघाट पुलिस व स्वाट टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में तीन संदिग्ध युवकों की तस्वीरें मिली हैं।
पुलिस ने इलाके में दबिश शुरू कर दी है, संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है। कि वारदात सुनियोजित लग रही है और जल्द ही खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
देखे फोटो।





