उन्नाव।प्राथमिक शिक्षक संघ पुरवा इकाई की बैठक में मा० सर्वोच्च न्यायालय द्वारा जारी सभी शिक्षकों को टेट अनिवार्य करने के मुद्दे पर विशेष परिचर्चा हुई जिसमें सरकार व विभाग के खिलाफ शिक्षकों में आक्रोश दिखाई दिया। साथ ही आगामी 16 सितम्बर को होने वाले धरना एवं ज्ञापन हेतु रणनीति बनाई गई।
रामापुर स्थित सुंदर लाल महाविद्यालय में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ पुरवा इकाई की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में बीते दिवस मा० सर्वोच्च न्यायालय द्वारा टेट को अनिवार्य करने के आदेश पर विस्तार से परिचर्चा हुई और सभी शिक्षकों व शिक्षिकाओं ने अपने-अपने विचार रखे। बैठक में बताया गया कि वर्ष 2000 के पहले नियुक्त बहुत शिक्षकों की योग्यता केवल इण्टरमीडिएट है, कुछ का स्नातक 45% से कम है, बीएड डिग्रीधारक टेट नहीं हैं, मृतक आश्रितों को नियुक्ति के समय प्रशिक्षण मुक्त रखा गया था, बीपीएड-डीपीएड टेट के लिए अयोग्य बताया गया है, उर्दू शिक्षक टेट के लिए अयोग्य माना गया, उक्त आदेश आरटीई ऐक्ट के खिलाफ है, केंद्र सरकार ने गोपनीय संशोधन वर्ष 2017 में करके टेट अनिवार्य करते हुए अध्यादेश को छिपाए जाने समेत विभिन्न बिंदुओं के संदर्भ में आज शिक्षकों ने अपना विरोध दर्ज कराया। साथ ही माननीय सर्वोच्च न्यायालय में विशेष अपील दाखिल करने पर रणनीति बनाई गई। संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ० दिनेश चंद्र शर्मा के आवाहन पर आगामी 16 सितम्बर को जिला मुख्यालय पर धरना व ज्ञापन देने की योजना पर विस्तार से चर्चा की, साथ ही वर्ष 2025 की सदस्यता अभियान की भी शुरुआत की और विकासखंड के सभी शिक्षकों से अपील की है कि शत प्रतिशत प्राथमिक शिक्षक संघ के सदस्य बने। बैठक की अध्यक्षता कर रहे संगठन के जिलामंत्री व ब्लाक अध्यक्ष पुरवा गजेन्द्र वर्मा ने शिक्षकों की समस्याओं को बिंदुवार रखा और संगठन की पूर्ववर्ती उपलब्धियों से सुपरिचित कराया। बैठक को सम्बोधित करते हुए तहसील प्रभारी शिवम चौरसिया ने कहा कि शिक्षक समाज पर आई टेट अनिवार्यता की इस नई विपदा पर सभी को एकजुट व संगठित होकर संघर्ष करना होगा। हमें टेट व नान टेट में नहीं बंटना है। इसके अलावा मंत्री संजय द्विवेदी, कोषाध्यक्ष श्रवण पटेल आदि ने अपनी बात कही। बैठक का संचालन वरिष्ठ उपाध्यक्ष विवेक पटेल ने किया। बैठक में ऊषा वर्मा, सुरंगमा, रेखा देवी, सोनम विमल, सुनीता, पूनम चौरसिया, आसन फातिमा, अखिलेश कुमार सिंह, आशीष कुमार, शशिकांत, अजय चौरसिया, अमित कुमार, रामगोपाल समेत आधा सैकड़ा से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल हुए।
देखे फोटो।





