बदमाश उड़ा रहे ड्रोन, साहब जल्दी आओ घाटमपुर में कंट्रोल रूम पर आईं 15 सूचनाएं, थानों में भी रातभर फोन करते रहे लोग, 12 घंटे हलकान रही पुलिस

0
46

संवादाता,घाटमपुर। सर्किल क्षेत्र में देर शाम से कंट्रोल रूम पर एक के बाद एक ड्रोन उड़ने की सूचनाएं ग्रामीणों द्वारा दी गई। कुछ जगह ग्रामीणों ने थाने के सीयूजी नंबर में फोनकर बदमाश पकड़ने की जानकारी दी। लेकिन सूचना पर जब पुलिस पहुंची तो ग्रामीण गांवों में लाठी डंडे लेकर निगरानी करते मिले। कई जगह से बदमाश के पकड़े जाने की सूचना मिली, लेकिन पुलिस को वहां पर भी कुछ हाथ नहीं लगा! घाटमपुर एसीपी ने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत यादव ने बताया कि घाटमपुर सर्किल क्षेत्र में बुधवार देर शाम होते ही ग्रामीणों द्वारा आसमान में ड्रोन उड़ने की सूचनाएं डायल 112 पर फोनकर कंट्रोल रूम में दी गई। जानकारी मिलते मौके पर पुलिस पहुंची लेकिन पुलिस को लोग अपने- अपने हाथों में लाठी डंडे लेकर निगरानी करते देखे गए! घाटमपुर थाना क्षेत्र के पतारा, चतुरीपुर, बारा, तरगांव, ककरहिया, नगेलिनपुर, जगदीशपुर, जहांगीराबाद आदि गांवों में ड्रोन उड़ने की सूचना पुलिस को मिली। जानकारी मिलते घाटमपुर पुलिस मौके पर पहुंची, पर पुलिस को यहां पर सिर्फ लोग हाथों में लाठी डंडे लेकर गांव में निगरानी करते दिखे। साढ थाना क्षेत्र के पड़री लालपुर, हिरनी, पसेमा और सजेती थाना क्षेत्र के भदवारा, टिकवापुर, कोरिया व गुजेला आनूपुर गांव से आसमान में ड्रोन उड़ने की सूचनाए मिली।ग्रामीण बड़ी संख्या में घरों से बाहर निकल कर इकट्ठा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस भी पहुंचती रही, लेकिन न ड्रोन पकड़ में आए और न ही कहीं चोर मिले।
ट्रैक्टर चला पहुंचे चौकी इंचार्ज, दोनों जगहों पर नहीं मिले बदमाश घाटमपुर थाना क्षेत्र के बरनाव गांव में देर शाम ग्रामीणों के द्वारा कंट्रोल रूम में फोन कर सूचना दी गई की साहब दो बदमाश पकड़ लिए हैं। अन्य नदी किनारे भागे हैं, ग्रामीण उनका पीछा कर रहे हैं जल्दी आओ। जानकारी मिलते पतारा चौकी इंचार्ज अनुज राजपूत पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। यहां पर नदी किनारे जाने का कच्चा रास्ता होने के चलते चौकी इंचार्ज ट्रैक्टर चला कर 3 किलोमीटर अंदर नदी किनारे तक पहुंचे जिसमें पीछे एक ट्रैक्टर से ग्रामीण भी थे, लेकिन नदी किनारे और खेत में न तो बदमाश मिले और ना ही दो बदमाश वह मिले जिन्हें पकड़े जाने की सूचना थी। पुलिस ने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। इसी तरह घाटमपुर थाना क्षेत्र के राहा गांव में बदमाश देखे जाने की सूचना पर कई गांवों के ग्रामीण जुट गए। बदमाशों द्वारा फायर करने की भी बात ग्रामीण कह रहे थे। ग्रामीणों ने बदमाश होने के शक में एक ज्वार का खेत भी घेर रखा था। जब पुलिस पहुंची तो वहां कुछ नहीं मिला, बल्कि ग्रामीणों की भीड़ से ज्वार की फसल नष्ट हो गई थी। घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत यादव ने बताया कि ड्रोन उड़ने को अफवाहों के चलते गांवों में लोग परेशान हैं। रात में उतने ऊपर से कुछ देखा ही नहीं जा सकता। ड्रोन की सच्चाई पता करने के प्रयास किए जा रहे हैं। यदि किसी को ड्रोन दिखे तो वह ड्रोन पर नजर बनाए रखने के साथ तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि ड्रोन को पकड़ा जा सके और इन पूरी अफवाहों का खुलासा किया जा सके।

देखे फोटो।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here