संवाददाता,घाटमपुर। थाना क्षेत्र के पतारा रेलवे स्टेशन पर एक युवक ने ट्रेन से कटकर अपनी जान दे दी। युवक बीते कुछ दिनों से परेशान रह रहा था, स्टेशन मास्टर ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्टेशन के अंदर की घटना होने के चलते जीआरपी को सूचना दी। मौके पर पहुंची जीआरपी पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक के आत्महत्या करने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
कानपुर देहात जिले के गजनेर थाना क्षेत्र के भरतपुर पियासी गांव निवासी 45 वर्षीय गुलाब सिंह अविवाहित था गुलाब सिंह सूरत में प्राइवेट नौकरी करके अपने परिवार का भरण पोषण करता था। छोटे भाई रितेश ने बताया कि उनके बड़े भाई गुलाब सिंह लगभग एक सप्ताह पहले ही सूरत से घर वापस लौटा था, वह बीते कुछ दिनों से परेशान रह रहा था, हालांकि परिजनों ने उससे इस बात की वजह पूछी, लेकिन उसने परेशानी की कोई भी बात नहीं बताई। गुलाब रविवार देर शाम घर से खाना खाने के बाद खेत पर जाने को कहकर निकला था। इसके बाद जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने सुबह तलाश शुरू की, तभी घाटमपुर पुलिस ने परिजनों को फोनकर गुलाब सिंह के पतारा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से कटकर जान देने की सूचना दी। जानकारी मिलते परिजन रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। घटना स्टेशन के भीतर होने के चलते मौके पर पहुंची जीआरपी पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घाटमपुर इंस्पेक्टर धनंजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि सूचना मिली थी, घटना स्टेशन परिसर की होने के चलते जीआरपी पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। युवक के आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।




