मकबरा विवाद : भाजपा जिलाध्यक्ष की अपील पर उमड़े सनातन धर्म के लोग पुलिस की सुरक्षा में सेंंध लगा मकबरे के अंदर घुसा हिंदू पक्ष,मकबरे के बाहर व अंदर मजारों में की तोड़फोन, पूजा-अर्चना कर लौटे

0
99

फतेहपुर। शहर के आबूनगर रेड़इया स्थित मंगी मकबरे के विवाद ने सोमवार को बड़ा रूप ले लिया। रविवार की शाम भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल समेत बजरंग दल के प्रांतीय उपाध्यक्ष वीरेन्द्र पाण्डेय ने मकबरे को ठाकुर जी विराजमान मंदिर बताते हुए सनातनियों से सोमवार को जुटने की अपील की थी। जिस पर बड़ी संख्या में सनातन धर्म के लोग कर्पूरी ठाकुर चौराहा पर पूर्वान्ह ग्यारह बजे एकत्र हुए और जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए मकबरा पहुंचे। जहां पुलिस की सुरक्षा में सेंध लगाकर बैरीकेटिंग पार कर मकबरे के अंदर प्रवेश कर गए। कुछ सनातियों ने मकबरे के बाहर बनी मजारों को पहले तोड़ा फिर मकबरे के अंदर पहुंचकर दो मजारों को क्षतिग्रस्त करने का काम किया। हिंदू महासभा के प्रांतीय उपाध्यक्ष मनोज त्रिवेदी ने पूजा-अर्चना की। सनातनियों के उपद्रव की जानकारी मिलने पर मुस्लिम पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचने का प्रयास किया जिस पर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह ने कमान संभालते हुए मुस्लिम पक्ष को आगे बढ़ने से रोका। जब मुस्लिम पक्ष पुलिस से विवाद करने लगा तो एसपी ने सभी को खदेड़ने का काम किया। विवाद बढ़ने पर

मकबरे में लगी बैरीकेटिंग तोड़कर घुसते सनातनी

जिलाधिकारी रवीन्द्र सिंह मौके पर पहुंचे और सनातनियों के साथ-साथ मुस्लिम समुदाय के लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। डीएम का कहना रहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। कानून को हाथ में लेने नहीं दिया जाएगा। यदि कोई भी व्यक्ति शहर का माहौल बिगाड़ने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। शहर में गंगा-जमुनी तहजीब के बीच हुई यह घटना किसी के गले नहीं उतर रही है। शहर समेत जिले में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है। सोशल मीडिया पर भी लोग अपने-अपने गुस्से का इजहार कर रहे हैं। मौके पर पुलिस व पीएसी बल बड़ी संख्या में तैनात कर दिया गया है। मकबरा के आस-पास किसी को जाने की इजाजत नहीं है।

रेड़इया मार्ग स्थित मैदान में एकत्र सनातन धर्म के लोग।

मुस्लिम पक्ष पीडीए का करेगा विरोध
फतेहपुर। मकबरे के विवाद में समाजवादी पार्टी समेत अन्य दलों के जनप्रतिनिधियों व नेताओं द्वारा किसी तरह का हस्ताक्षेप न किए जाने पर मुस्लिम पक्ष के लोगों ने नाराजगी का इजहार किया। सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में मुस्लिम पक्ष के लोगों ने एक स्वर से पीडीए का विरोध करने का निर्णय लिया। मुस्लिम पक्ष का कहना रहा कि इस विवाद ने एक सप्ताह पूर्व जन्म लिया था। उसी समय जनप्रतिनिधियों ने प्रयास किया होता तो आज इतना बड़ा मामला नहीं होता। ऐसे जनप्रतिनिधियों को अब सबक सिखाने का काम किया जाएगा जो मुस्लिमों को सिर्फ वोट बैंक समझते हैं।

दोनों शहरकाजियों का भी किया बहिष्कार

फतेहपुर। आबूनगर रेड़इया स्थित मंगी मकबरे के विवाद के दौरान मौजूद मुस्लिम समुदाय के लोगों ने कैमरे के सामने अपना दुख जताते हुए कहा कि शहरकाजी शहीदुल इस्लाम अब्दुल्ला व काजी-ए-शहर कारी फरीद उद्दीन कादरी की कार्यशैली पर नाराजगी का इजहार किया। मुस्लिम पक्ष का कहना रहा कि दोनों शहरकाजियों ने इस मामले पर अपनी चुप्पी नहीं तोड़ी। जिला प्रशासन से इस मुद्दे पर कोई वार्ता नहीं की। ऐसे शहरकाजियों का मुस्लिम समाज बहिष्कार करता है। अब इनके पीछे नमाज भी बढ़ने का बहिष्कार किया जाएगा। मौजूद लोगों ने दोनों शहरकाजियों के मुर्दाबाद के नारे भी लगाए।

विवाद के बाद मौके पर मौजूद डीएम व एसपी।

भगवा झण्डे को प्रशासन ने उतरवाया
फतेहपुर। मकबरे की बैरीकेटिंग तोड़कर चढ़े सनातनियों ने गुंबद पर भगवा झण्डा लहरा दिया था। मुस्लिम समुदाय के विरोध के बाद तैनात पुलिस बल ने गुंबद से भगवा झण्डा हटाने का काम किया। एसपी अनूप कुमार सिंह का कहना रहा कि विवाद की पूरी वीडियोग्राफी करवाई गई है। अराजकतत्वों को चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने की शांति की अपील

फतेहपुर। मकबरे के विवाद के बाद भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल ने एक वीडियो जारी करके गंगा-जमुनी तहजीब का हवाला देते हुए दोनों समुदायों के लोगों से शांति की अपील की है। जिलाध्यक्ष श्री पाल ने कहा कि यह जनपद अमन-चैन व भाईचारे के लिए जाना जाता है। इसलिए सभी लोग किसी भी अराजकतत्व के बहकावे में न आएं और न ही सोशल मीडिया पर किसी तरह की भड़काऊ पोस्ट करें। उन्होने कहा कि जनपद के माहौल के साथ खिलवाड़ करने वालों को बक्शा नहीं जाएगा।

बवाल के दौरान कई सनातनी चुटहिल

फतेहपुर। मकबरे को लेकर हुए विवाद में एकाएक माहौल गरमा गया था। बैरीकेटिंग तोड़कर जब सनातनी मकबरे के चबूतरे पर चढ़कर अंदर घुसे तो धक्का-मुक्की के बीच कुछ सनातनी गिरकर जहां चुटहिल हो गए। साथियों ने उन्हें उठाकर उपचार के लिए ले गए। इस मामले के बाद कुछ सनातियों का कहना रहा कि विशेष वर्ग की ओर से पत्थरबाजी की गई है जिसमें सनातनी घायल हुए हैं।

मंडलायुक्त, एडीजी व आईजी ने किया निरीक्षण

फतेहपुर। मकबरे व ठाकुरजी विराजमान मंदिर का विवाद गहराने के बाद मंडलायुक्त प्रयागराज, एडीजी व आईजी ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। जिला प्रशासन को हिदायत दिया कि शहर का माहौल किसी भी हाल में बिगड़ना नहीं चाहिए। अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए और इस मामले पर पैनी निगाह रखी जाए।

देखे वीडियो।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here