उन्नाव।प्रशासनिक फेरबदल के तहत मुख्य विकास अधिकारी प्रेम प्रकाश मीणा का स्थानांतरण कर दिया गया है। उन्हें अलीगढ़ नगर आयुक्त बनाया गया है। उनकी जगह फिरोजाबाद की संयुक्त मजिस्ट्रेट कृति राज को उन्नाव का नया सीडीओ नियुक्त किया गया है। प्रेम प्रकाश मीणा ने उन्नाव में अपने कार्यकाल के दौरान कई महत्वपूर्ण कार्य किए। उन्होंने विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया। ग्राम पंचायतों में ई-गवर्नेस की स्थापना की। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया। महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया। अमृत सरोवर और मनरेगा कार्यों में पारदर्शिता लाई। स्वच्छता अभियान, ग्रामीण सड़क निर्माण और शिक्षा के क्षेत्र में भी उनके प्रयास सराहनीय रहे। 2020 बैच की आईएएस अधिकारी कृति राज अब उन्नाव की नई सीडीओ होंगी। वह फिरोजाबाद में संयुक्त मजिस्ट्रेट के पद पर कार्यरत थीं। उन्होंने प्रशासनिक अनुशासन और योजनाओं के सख्त क्रियान्वयन से अपनी पहचान बनाई है। आमजन से संवाद स्थापित करने में भी वह सफल रही हैं। कृति राज की नियुक्ति से जिले में विकास योजनाओं को नई गति मिलने की उम्मीद है। ग्रामीण क्षेत्रों में महिला और बाल विकास, शिक्षा, पोषण मिशन और रोजगार योजनाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रेम प्रकाश मीणा के स्थानांतरण पर जिला प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।