खेत में युवक को लगी गोली, प्रेम प्रसंग बना वजह?घायल युवक की हालत गंभीर, पुलिस कर रही गहन जांच

0
94
Oplus_131072

उन्नाव।जनपद के अजगैन कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कोडरा लखौरा गांव में बुधवार रात उस समय सनसनी फैल गई जब गांव का एक युवक खेत में घायल अवस्था में मिला। युवक को पेट में गोली लगी थी, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।घायल युवक की पहचान सुरेंद्र सिंह (27 वर्ष), पुत्र धीरज सिंह के रूप में हुई है। सुरेंद्र का गांव की ही एक युवती से बीते तीन वर्षों से प्रेम संबंध चल रहा था। बताया जा रहा है कि हाल ही में युवती के परिजनों ने उसकी शादी तय कर दी थी, जिससे युवक नाराज चल रहा था।
खेत में मिला घायल, पेट में लगी गोली
बुधवार शाम लगभग आठ बजे सुरेंद्र खेत की ओर गया था। करीब एक घंटे बाद परिजनों को सूचना मिली कि वह खेत में घायल पड़ा है। गोली लगने की सूचना से हड़कंप मच गया। परिजन तत्काल उसे लेकर एक निजी अस्पताल पहुंचे, जहां मामला गोली का होने के कारण डॉक्टरों ने भर्ती करने से इनकार कर दिया। इसके बाद घायल को नवाबगंज सीएचसी, फिर जिला अस्पताल रेफर किया गया।
प्रेमिका से मुलाकात के बाद हुआ विवाद?
स्थानीय सूत्रों की मानें तो घटना से ठीक पहले युवती सुरेंद्र से खेत में मिलने गई थी और अपनी तय शादी की बात बताई थी। इसके बाद क्या हुआ, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है। आशंका जताई जा रही है कि इसी बातचीत के बाद विवाद हुआ, जो गोली चलने की वजह बना।
पुलिस जुटी जांच में, तमंचा बरामद करने की कोशिश
सीओ संतोष सिंह ने बताया कि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक ने खुद को गोली मारी या किसी और ने फायरिंग की। पुलिस घटनास्थल से तमंचा बरामद करने का प्रयास कर रही है। घायल युवक के बयान के आधार पर मामले की तह तक जाने की कोशिश की जा रही है।
समाज में चर्चा का विषय बना मामला
इस घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में चर्चा का विषय बन गया है। प्रेम प्रसंग और अचानक गोलीकांड की गुत्थी ने लोगों को चौंका दिया है। पुलिस की जांच के बाद ही सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here