उन्नाव।आज पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर की अध्यक्षता में नगर के एक कॉलेज में डिजिटल अरेस्टिंग, साइबर क्राइम,डिजिटल वारियर्स, साइबर सुरक्षा, आर्टीफिसियल इंटेलिजेंस पर आधारित अपराधों एवं महिला सशक्तिकरण व यातायात जागरुकता के संदर्भ में कार्यशाला का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर द्वारा कार्यशाला का शुभारंभ सरस्वती वंदना व दीप प्रज्वलन से किया गया। कार्यशाला में पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर द्वारा साइबर अपराधों की पहचान, धोखाधड़ी से बचने के उपायों, सतर्कता और जागरूकता की भूमिका, सुरक्षित प्रमाणीकरण के महत्व और संदिग्ध गतिविधियों की रिपोर्टिंग की प्रक्रिया पर जानकारी साझा की गयी। इस प्रकार की कार्यशालाओं की जनपद में काफी जरूरत है। दिन प्रतिदिन हम यह देख रहे है कि साइबर क्राइम बढ़ते जा रहे है और विशेष रूप से फोन के माध्यम से लालच जैसी योजनाओं के बारे में बताकर साइबर क्राइम अधिक फैल रहा है। इनके बारे में जागरूक होने की जरूरत है। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं एवं आम जनमानस को डिजिटल युग में साइबर अपराधों, उनसे बचाव के उपायों और उनसे संबंधित कानूनी पहलुओं के प्रति जागरूक करना है।




