कानपुर। देर रात्रि होलिका दहन होते ही शहर में चारों ओर होली की धूम मच गई, लोग एक दूसरे को रंग-गुलाल में सराबोर करते नजर आए। चौराहे-चौराहे पर होली के गीतों पर युवाओं व बच्चों की टोली झूमती रही।
आपको बता दें कि शहर में करीब 3500 स्थानों पर विधि-विधान से पूजन कर होलिका दहन किया गया। जिसमें दहन के बाद अग्नि को समर्पित अन्न की बाली,गन्ना व अग्नि लोग घर भी ले गए।
बच्चों द्वारा होलिका दहन से पूर्व लगभग सभी स्थानों पर महिलाओं ने विधि-विधान से होलिका की पूजा किया। जबकि देर रात भद्रा समाप्त होने के बाद होलिका दहन शुरू हुआ। विजयनगर जे- 2 बस्ती में नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष मुन्ना हजारिया ने होलिका का विधि-विधान से पूजन कराया। मंत्रोच्चारण के बाद धूप-दीप व पुष्प अर्पित कर होलिका दहन की गई।
लोगों ने परिजनों के साथ मान्यता के अनुसार होलिका में चना,मटर,गेहूं, अलसी डाल कर परिवार की सुख- समृद्धि, खुशहाली की कामना भी किया। युवाओं ने भी अबीर- गुलाल उड़ाकर जमकर मस्ती करते हुए रातभर शहर रंगों से सरोबार रहा।
इसी के साथ होली की बधाइयां देने का भी दौर शुरू हुआ। छोटों ने बड़ों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया तो हम उम्र लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर त्योहार की शुभकामनाएं दिया।कुछ जगह होलिका के पास रंगोली भी बनाई गई। लोग अपने घरों से कंडे की माला बनाकर लाए और पूजन के बाद होलिका को माला पहनाई।
मान्यता है कि होली पर बालियां चढ़ाने से अन्न में वृद्धि व सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है। चौराहे-चौराहे और गली-गली लाउड स्पीकर पर तेज आवाज में रात भर होली के गीत बचते रहे और युवाओं व बच्चों की टोली मस्ती करती रही। होली खेले रघुवीरा अवध में… रंग बरसे भीगे चुनर वाली… लेट्स प्ले होली जैसे गीतों पर लोग झूमते रहे। अध्यक्ष मुन्ना हजारिया ने शहर के सभी नागरिकों एवं कर्मचारी साथियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी आपस में मिल जुल कर यह महापर्व मनाए।
इस मौके पर निक्की,टिन्नी,डब्बू, मुन्ना अवस्थी, कार्तिक, विजय, कुंवर सिंह,मनोज सिंह,ब्रजेश तिवारी,हिमांशु,गिरीश कुमार आदि लोग मौजूद रहे।