उन्नाव।बांगरमऊ नगर के सण्डीला रोड स्थित आर एस पब्लिक स्कूल द्वारा स्थानीय पुलिस प्रशासन के सहयोग से सड़क सुरक्षा अभियान के तहत नगर के विभिन्न मार्गों पर नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया । इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी अरविंद चौरसिया ने बताया कि क्षेत्र में दिन-प्रतिदिन सड़क दुर्घटनाऐं बढ़ती जा रही हैं । जिसके कारण बच्चों के माध्यम से वाहन चालकों को संदेश देकर उन्हें सड़क सुरक्षा से सम्बंधित नियमों का पालन करने की अपील की । वाहन चालकों एवं नागरिकों को जागरूक करने के लिए उक्त कार्यक्रम का आयोजन किया गया ।
इस अवसर पर स्कूल के बच्चों द्वारा सड़क से गुजर रहे दोपहिया एवं चार पहिया वाहन चालकों को रोककर उनसे हेलमेट लगाने, सीट बेल्ट पहन कर गाड़ी चलाने एवं यातायात के नियमों का पालन करने की अपील की गई । इस अवसर पर कोतवाली प्रभारी अवनीश कुमार सिंह ने स्कूल के बच्चों के साथ गाड़ी चला रहे नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने की हिदायत दी एवं सड़क यातायात के नियमों की जानकारी दी गई । इस अवसर पर स्कूल के बच्चों द्वारा लखनऊ चौराहे पर नुक्कड़ नाटिका प्रस्तुत कर सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया गया ।बच्चों द्वारा विभिन्न मार्गों पर रैली निकाल कर लोगों से वाहन चलाते समय शराब का सेवन न करने , नियंत्रित गति में वाहन चलाने , वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करने एवं ड्राइविंग के नियमों का पालन करने की अपील की गई । स्कूल प्रबंधक रिज़वान अहमद ने बताया कि स्थानीय पुलिस प्रशासन के सहयोग से उक्त कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों द्वारा समाज को यह संदेश दिया गया कि अगर हम यातायात के नियमों का पालन ठीक से करेंगे तो क्षेत्र में निश्चित रूप से दुर्घटनाओं में कमी आएगी । साथ ही लोग भी सुरक्षित रहेंगे । प्रबंधक द्वारा नागरिकों से अपने नाबालिग बच्चों को गाड़ी का प्रयोग न करने की अपील की गई । इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी अरविंद चौरसिया , कोतवाली प्रभारी अवनीश कुमार सिंह पुलिस प्रशासन के अन्य अधिकारी व स्कूल की उप प्रधानाचार्य अंजु बाजपेई, कॉर्डिनेटर आमिर अहमद, वरिष्ठ अध्यापक अंकित त्रिपाठी , अभिषेक अग्निहोत्री मोना यादव भावना पटेल, मानसी, प्रिया, नेहा सहित कई शिक्षक उपस्थित रहे।




