उन्नाव।काशीराम कॉलोनी में सीवर जाम की समस्या ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। सीवर का गंदा पानी गलियों से होते हुए अब लोगों के घरों तक पहुंच रहा है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि पिछले कई महीनों से यह समस्या बनी हुई है। बता दे कि कॉलोनी की छोटी नालियां और मुख्य सीवर लाइन पूरी तरह चोक हो चुकी हैं। इससे गंदा पानी घरों में घुस रहा है। कई मकानों में फर्श और दीवारों में सीलन आ गई है। गंदगी और जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। डेंगू, मलेरिया और वायरल बुखार जैसी बीमारियां फैल रही हैं। बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। स्थानीय निवासी सुषमा, मुकेश और सुरेश का कहना है कि बदबू और गंदगी के कारण खाना बनाना भी मुश्किल हो गया है। कई लोगों को पेट की बीमारियां हो रही हैं। नगर पालिका के अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई। अधिकारी सिर्फ आश्वासन देकर चले जाते हैं। सफाई या सीवर की मरम्मत का काम अब तक शुरू नहीं हुआ है। कॉलोनीवासियों ने नगर पालिका के खिलाफ प्रदर्शन किया है। उनकी मांग है कि जल्द से जल्द समस्या का समाधान किया जाए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो वे बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।




