कानपुर। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर जहां शहर के सभी शिवालयों में भक्तों की भीड़ नजर आ रही है इसी कड़ी में आज पशुपतिनगर नौबस्ता स्थित बाबा सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में भी महाशिवरात्रि का पर्व बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। पशुपतिनगर वासियों ने मिलकर पूरे मंदिर प्रांगण को बड़े ही सुंदर ढंग से सजाया तथा भोलेनाथ बाबा सिद्धेश्वर का भव्य श्रृंगार भी किया गया।
इस कार्यक्रम में प्रातः से ही भंडारे का भी आयोजन किया गया क्योंकि मान्यता है इस दिन ज्यादा से ज्यादा लोग व्रत उपवास रहते हैं जिस कारण भंडारे में उपवास में खाने वाले पकवानों का वितरण किया गया। इसी के साथ शाम 7:00 बजे से संगीत संध्या का आयोजन मंदिर प्रांगण में किया गया जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया तथा भजनों का आनंद भी प्राप्त किया । भजन संध्या कार्यक्रम के पश्चात महा आरती का भी आयोजन किया गया ।
जिसमें सभी भक्तों ने भोलेनाथ बाबा की आरती गाकर बाबा को प्रसन्न किया, तत्पश्चात सभी भक्तों को भोग प्रसाद का भी वितरण हुआ जिसमें ठंडाई, मिठाई, फल इत्यादि वितरित किए गए।
शिवरात्रि का कार्यक्रम हर साल इसी भव्यता के साथ पशुपति नगर के सिद्धेश्वर महादेव प्रांगण में मनाया जाता है।




