उन्नाव। राजकीय इण्टर काॅलेज उन्नाव के ग्राउंड में 15वाॅ राष्ट्रीय मतदाता दिवस जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी गौरांग राठी एवं पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर की उपस्थिति में धूम-धाम से मनाया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा पतंग उड़ा कर पतंग प्रतियोगिता का शुभारम्भ किया गया तथा राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित करायी गयीं पेटिंग, मेंहदी एवं रंगोली आदि प्रतियोगिताओं का अवलोकन करने के उपरान्त ग्राउंड में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र/छात्राओं को मतदाता जागरूकता शपथ दिलाई गयी। जीआईसी ग्राउंड में मतदाता जागरूकता से सम्बन्धित पेटिंग, मेंहदी, पतंग एवं रंगोली आदि प्रतियोगिताओं का अवलोकन करते हुए डीएम ने प्रतियोगियों की सराहना व्यक्त की तथा विजेताओं को प्रशस्ति पत्र दिए। इसके साथ ही डीएम व अन्य अधिकारियों ने मतदाता जागरूकता हेतु बनाये गये सेल्फी प्वाइंट पर सेल्फी ली। इसके अलावा जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों/कर्मचारियों एवं उपस्थित जनसमुदाय को मतदाता जागरूकता शपथ दिलाई और सम्बोधित करते हुए कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक देश में सरकार बनाने में मतदाताओं की सबसे अहम् भूमिका होती है। इसलिए 18 साल पूरे कर चुके वयस्कों को मतदाता सूची में जोड़ने तथा वोट के प्रति उन्हे जागरूक करना मतदाता दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य होता है। हमे संविधान द्वारा वोट डालने का अधिकार दिया गया है लेकिन वोट डालना हम सभी का कर्तव्य भी है। प्रत्येक निर्वाचन में हम सभी मतदाताओं को बढ़-चढ कर हिस्सा लेना चाहिए। वोट ही एक मात्र ऐसा हथियार है जिससे हम अपने मनपसन्द जनप्रतिनिधि को चुनकर लोकतन्त्र को मजबूत बना सकते है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष जनपद में सर्वाधिक महिला मतदाताओं को जोडा गया है, इसकी प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर पर आयोग द्वारा सराहना की गयी। यह हमारे लिए गर्व की बात है। हर व्यक्ति का वोट एक मायने रखता है इसलिए प्रत्येक वस्यक को मतदाता सूची में अवश्य जोडा जाए। आज कल ऑनलाइन मतदाता कार्ड आसानी से बनवाया जा सकता है। इसलिए सभी से अपील है कि अपना-अपना नाम मतदाता सूची में जुडवाएं तथा आगामी लोकतांत्रिक निर्वाचनों में अपनी भूमिका समझते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वोट का अधिकार बहुत ही ताकतवर टूल है। इस अधिकार का प्रयोग करते हुए हम सभी को निर्भीक होकर धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा आदि से ऊपर उठकर बिना किसी प्रलोभन के मतदान करना चाहिए। इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा 18$ नए मतदाताओं को वोटर कार्ड, पेटिंग, रंगोली, मेंहदी एवं पतंग प्रतियोगिताओं के विजेताओं तथा लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2024 में सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों, वीआरसी, सुपरवाइजर, बीएलओ को प्रशस्ति पत्र दिए गए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी प्रेम प्रकाश मीणा, उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुशील कुमार गोंड, अपर जिलाधिकारी न्यायिक विकास कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट राजीव राज, एसडीएम सदर क्षितिज द्विवेदी, जिला विद्यालय निरीक्षक एसपी सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संगीता सिंह, अटल बिहारी इंटर काॅलेज के प्रधानाचार्य अजब सिंह सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारी तथा विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक व विद्यार्थी आदि मौजूद रहे।





