उन्नाव में सांड के हमले से महिला की हुई दर्दनाक मौत, कई बार उठाकर पटका, पेट से आंतें बाहर आईं, लोगों के शोर मचाने पर भागा

0
50
Oplus_131072

उन्नाव।सोहरामऊ थाना क्षेत्र के ग्राम महनौरा में एक दर्दनाक घटना घटी है। सुबह के समय घर से बाहर निकली एक बुजुर्ग महिला को छुट्टा सांड ने गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे महिला की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। बता दे की महनौरा निवासी नीता देवी (75) सुबह लगभग पांच बजे अपने घर से बाहर निकलीं। इस दौरान बाहर घूम रहे छुट्टा सांड ने अचानक हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सांड ने नीता देवी को कई बार पटक दिया, जिससे उनकी आंतें फट गईं और पेट में गंभीर चोटें आईं। नीता देवी की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी बाहर आए और शोर मचाया। इसके बाद, परिजन महिला को लोकबंधु अस्पताल की ओर ले गए, लेकिन रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई। सूचना मिलने पर सोहरामऊ पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और घटना की जांच की जा रही है। घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने छुट्टा जानवरों की बढ़ती समस्या को लेकर चिंता जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर घूम रहे आवारा जानवरों की वजह से सुरक्षा की स्थिति गंभीर हो गई है, विशेषकर बुजुर्गों और बच्चों के लिए। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया है कि छुट्टा जानवरों की समस्या को गंभीरता से लेकर सुरक्षा के उपाय लागू किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here