फतेहपुर।देश में लोकसभा चुनाव लोकतंत्र व संविधान बचाने को जनांदोलन बन चुका है। जनता भाजपा सरकार का तख्ता पलटने का काम कर रही है। लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रदेश की सभी 80 सीटें हारने जा रही है और देश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। उक्त बातें समाजवादी पार्टी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व एमएलसी राजपाल कश्यप ने पत्रकारों से वार्ता के दौरान कही। शनिवार को समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष राजपाल कश्यप ने कहा कि लोकसभा चुनाव लोकतंत्र की रक्षा करने व संविधान बचाने के लिये जनता खुद लड़ रही है। जातीय धर्म व दल का बंधन तोड़कर इंडिया गठबंधन की सरकार बनाने के लिये साथ है। उन्होंने कहा कि पश्चिम से
पत्रकारों से बातचीत करते पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष राजपाल कश्यप।
इंडिया गठबंधन की जीत की चली हवा पांचवा चरण आते आते जीत की आंधी में बदल चुकी है। जनपद में भी इंडिया गठबंधन व सपा प्रत्याशी जीत रहा है। कहा कि हताशा से भाजपा के चेहरे की रौनक गायब हो चुकी है। श्री कश्यप ने कहा कि मंहगाई, पेट्रोल डीजल और बिजली के बिल की मार से जनता परेशान है। किसानों को उपज का मूल्य व युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। परेशान जनता चुनाव को जनांदोलन की तरह लड़ रही है। यही जनता देश की सरकार व प्रधानमंत्री बदलने का कार्य करेगी। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ रामजी गुप्ता, जिला महासचिव चौधरी मंज़र यार, पूर्व जिलाध्यक्ष विपिन सिंह यादव, कपिल यादव, फैजान अहमद मून, सुहैल अहमद हेमू आदि रहें।