
कु. रचना स्वीप सहेली व आशीष को बनाया स्वीप मित्र
पूर्व माध्यमिक विद्यालय अलादातपुर में डीएम ने चैपाल लगाकर ग्रामीणों को किया जागरूक
प्रमुख संवाददाता अजहर उद्दीन
फतेहपुर।विकास खंड तेलियानी के पूर्व माध्यमिक विद्यालय अलादातपुर के प्रांगण में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के तहत जिलाधिकारी सी. इंदुमती ने चैपाल लगाकर ग्रामीणों शत प्रतिशत मतदान करने हेतु जागरूक किया। उन्होंने बीएलओ को निर्देशित किया कि 26 फरवरी को प्रातः 10 बजे से मध्यान्ह 12 बजे तक 18 प्लस आयु के एवं छूटे हुए मतदाताओं को फार्म-6 भरवाए जायें साथ ही वोटर लिस्ट में नाम जोड़े जायें इसके उपरांत गांव में मुनादी करवा दें और अपने गांव का सर्वे कर लें। यदि किसी का नाम छूटा है तो जोड़ा जाये। जिन लड़कियों की शादी हो गई हो या किसी की मृत्यु हो गई है या दूसरे जगह निवास स्थान बना लिया है ऐसे लोगों का नाम सूची से हटाया जाये। उन्होंने कहा कि नागरिक होने के नाते वोट देना आपकी जिम्मेदारी है। वोट देकर लोकतंत्र को मजबूत बनाएं। महिला, पुरुष मतदान में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लें। पहले वोट दे फिर घर का कार्य करें। अपने आस पास के लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करते हुए प्रोत्साहित करें। तभी हमारा लोकतंत्र मजबूत होगा। जनपद का वोट प्रतिशत बढ़ेगा। उन्होंने कु0 रचना को स्वीप सहेली व आशीष कुमार को स्वीप मित्र नियुक्त किया। उन्होने बीएलओ का सहयोग करते हुए छूटे हुए लोगो का नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाने और मतदान के प्रति लोगो को जागरूक करने की बात कही। 86 वर्षीय सेवानिवृत अध्यापक राजनारायण को प्रत्येक मतदान में अपना जागरूक होकर मतदान करने पर जिलाधिकारी ने अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। हर घर संकल्प के तहत सुशीला देवी को मतदान के दिन वोट डालने के लिए जागरूक किया और कहा कि आप लोग निर्भीक, निष्पक्ष, निडर, बिना किसी प्रलोभन से प्रभावित हुए सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। उन्होंने मतदाताओं को शपथ दिलाई। बीएलओ ने बताया कि यहां पर बूथ संख्या 29, 30 एवं 31 बूथ बनते है जिसमे क्रमशः 29 में 884, बूथ 30 में 487 एवं 31 में 815 महिला व पुरुष मतदाता है। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी वित्त राजस्व अविनाश त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी प्रभाकर त्रिपाठी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, तहसीलदार सदर सहित संबंधित उपस्थित रहे।