कानपुर ब्यूरो. प्रदेश के सभी राजकीय मेडिकल कॉलेजों को शोध हेतु मृत देह समर्पित करने का बीस वर्षों से युग दधीचि देहदान अभियान कानपुर निवासी माधवी व मनोज सेंगर द्वारा संचालित है। आज साइट 2 किदवई नगर कानपुर निवासी 79 वर्षीय महिला स्वo प्रेमलता केडिया की पार्थिव देह उनके निधन के बाद उनके संकल्प के अनुसार राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं को कानपुर से लाकर दान कराया गया। सुबह नौ बजे देह लेकर शाम चार बजे बदायूं पहुंचे सेंगर दंपति ने बताया कि स्वo प्रेमलता जी ने वर्ष 2012 में देहदान का संकल्प किया था। 12 दिसंबर 2023 को देर शाम उनका निधन होने पर पुत्रवधू के द्वारा सूचना देकर देहदान कराने का आग्रह किया गया। तत्पश्चात देह को राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं को देने का निश्चय कर समस्त कागजी कार्यवाही करने के बाद 13 दिसंबर को बदायूं मेडिकल कॉलेज को समर्पित कर दी गई।
कानपुर में देह समर्पण के समय स्वo प्रेमलता को उनकी पुत्रवधू आराधना केडिया,पौत्र अक्षत केडिया व शुभ केडिया ने मंत्रोच्चार सहित पुष्पवर्षा करते हुए विदा किया।
बदायूं मेडिकल कॉलेज में देह प्राप्त करते समय प्राचार्य डा एन सी प्रजापति,एनाटमी हेड डाक्टर एम हुसैन व छात्रों ने पुष्पांजलि अर्पित करते हुए सम्मान सहित स्वीकार किया।
युग दधीचि देहदान अभियान प्रमुख मनोज सेंगर के अथक प्रयास से कॉलेज को यह दूसरा शरीर प्राप्त हुआ है, हम सभी सेंगर दंपति के आभारी हैं।
एनाटमी हेड अरूण कुमार ने बताया कि इससे पूर्व श्याम नगर कानपुर निवासी स्वo श्याम बाबू की देह 5 सितंबर 2023 को युग दधीचि देहदान अभियान के माध्यम से मिली थी और यह दूसरी देह प्राप्त हुई है।
उन्होंने बताया कि चिकित्सा विज्ञान की दृष्टि से महिला का शरीर अधिक महत्वपूर्ण माना जाता है इस हेतु हम देहदानी परिवार के अत्यंत आभारी हैं।




