कोटा,राजस्थान 10 अप्रैल 2026
राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने कोटा सर्किट हाउस में अधिकारियों की बैठक लेकर विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कोटा के निकट स्थित मंदरगढ़ को पुरातात्विक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए यहां धार्मिक पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मंदरगढ़ में छठी शताब्दी के करीब 150 प्राचीन मंदिर स्थित हैं और यह क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर है। ऐसे में यहां मंदिरों के जीर्णोद्धार और पर्यटन विकास के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जानी चाहिए।
बैठक में मंत्री ने पिछले माह आयोजित अपनी चार दिवसीय पदयात्रा के दौरान ग्रामीणों से प्राप्त शिकायतों और समस्याओं के निस्तारण की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्मशान घाटों का विकास, पेयजल, बिजली, सड़क और खेल मैदान से अतिक्रमण हटाने जैसे कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाए।
मंत्री ने कहा कि ग्रामीणों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। घुमंतु समुदाय के लोगों की पहचान कर उनके पहचान पत्र बनाए जाएं तथा उन्हें पट्टे आवंटित किए जाएं।
महिला एवं बाल विकास विभाग से आंगनबाड़ी और बालवाड़ी निर्माण प्रस्तावों की प्रगति की जानकारी ली गई। जर्जर आंगनबाड़ियों की मरम्मत भामाशाहों के सहयोग से कराने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा केडीए, पीडब्ल्यूडी, पीएचईडी, चिकित्सा, सहकारिता और श्रम विभाग के अधिकारियों को भी विभिन्न योजनाओं और कार्यों की प्रगति तेज करने के निर्देश दिए गए।
मंत्री ने स्पष्ट कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में तैनात अधिकारी मुख्यालय पर ही रहें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने गर्मी के मौसम को देखते हुए खराब हैंडपंपों को शीघ्र चालू करने और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए।
Home संवाददाता कोटा राजस्थान मंदरगढ़ के प्राचीन मंदिरों के विकास से बढ़ेगा पर्यटन: शिक्षा मंत्री मदन...


