अमौली,फतेहपुर।प्रदेश सरकार द्वारा भले ही सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हों, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। फतेहपुर जनपद के अमौली कस्बे से खजुहा होते हुए बिन्दकी तहसील को जोड़ने वाली मुख्य सड़क आज भी मरम्मत के अभाव में जर्जर हालत में पड़ी हुई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो जाने से राहगीरों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है।
कस्बेवासियों का कहना है कि वर्षों से यह सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। खासकर कस्बे में पीएनबी बैंक के सामने सड़क की हालत सबसे ज्यादा खराब है। चोक नालियों के कारण गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे सड़क और भी खतरनाक हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थिति किसी बड़ी बीमारी या दुर्घटना को दावत दे रही है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जर्जर सड़क की मरम्मत को लेकर कई बार तहसील प्रशासन व संबंधित विभागीय अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। लोगों का कहना है कि ऐसा लगता है कि विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है, उसके बाद ही सड़क की मरम्मत होगी। वर्षों से चली आ रही यह समस्या आज भी जस की तस बनी हुई है।
इस संबंध में जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेंद्र पटेल ने बताया कि उन्हें सड़क की खराब स्थिति की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि जल्द ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश देकर सड़क की मरम्मत कराई जाएगी, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
देखे फोटो।





