उन्नाव।बांगरमऊ विकास खंड के अंतर्गत आने वाले कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बेरिया गाड़ा में छात्राओं के स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर एक विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप में उपस्थित महिला चिकित्सक डॉ प्रिया सिंह (जनरल फिजिशियन) ने छात्राओं को माहवारी के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तार से जागरूक किया।
शिविर को संबोधित करते हुए महिला चिकित्सक डॉक्टर प्रिया सिंह (जनरल फिजिशियन) ने कहा कि माहवारी एक सामान्य जैविक प्रक्रिया है, लेकिन इस दौरान बरती गई लापरवाही गंभीर बीमारियों का कारण बन सकती है। उन्होंने छात्राओं को समझाया कि इस समय स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने बताया कि हमेशा साफ-सुथरे सैनिटरी पैड का ही उपयोग करें। यदि सूती कपड़े का उपयोग किया जा रहा है, तो उसे अच्छी तरह धोकर तेज धूप में सुखाना अनिवार्य है। संक्रमण से बचने के लिए हर 4 से 6 घंटे में पैड बदलना चाहिए। माहवारी के दौरान शरीर में कमजोरी न आए, इसके लिए हरी सब्जियां, फल और आयरन युक्त आहार का सेवन करें। प्रतिदिन स्नान करें और अपने निजी अंगों की सफाई का विशेष ध्यान रखें। छात्राओं की शंकाओं का समाधान कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने झिझक त्याग कर चिकित्सक से अपनी समस्याओं और भ्रांतियों के बारे में प्रश्न भी पूछे। डॉक्टर ने बड़े ही सरल ढंग से सभी प्रश्नों के उत्तर दिए और बताया कि माहवारी के समय पेट में होने वाले हल्के दर्द या ऐंठन से घबराना नहीं चाहिए, बल्कि पर्याप्त आराम और गुनगुने पानी का सेवन करना चाहिए।विद्यालय की वार्डन और शिक्षिकाओं ने चिकित्सक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ता है। विद्यालय प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित किया कि छात्राओं को सैनिटरी पैड और अन्य आवश्यक स्वच्छता सामग्री नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाती रहेगी।इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।
देखे फोटो।





