उन्नाव।नगर पंचायत कार्यालय गंजमुरादाबाद में फाइलेरिया रोग के उन्मूलन और आगामी जागरूकता अभियान को लेकर आज 5 फरवरी को एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में मुख्य रूप से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंजमुरादाबाद के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर मंजेश कुमार ने उपस्थित लोगों को फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी से बचाव और इसके उन्मूलन की रणनीतियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि फाइलेरिया (हाथीपांव) एक लाइलाज बीमारी है, लेकिन समय रहते सावधानी और दवा के सेवन से इससे बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य हर नागरिक को इस बीमारी के खतरों के प्रति जागरूक करना है। पीसीआई की डिविजनल ऑफीसर प्रज्ञा ने बताया कि अभियान के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा घर-घर जाकर खिलाई जाने वाली फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन अनिवार्य रूप से करें। फाइलेरिया मच्छरों के काटने से फैलता है, इसलिए अपने आसपास जलभराव न होने दें और मच्छरदानी का प्रयोग करें। आम जनमानस को जागरुक करते हुए बताया कि हाथ-पैरों में सूजन या अंडकोश में सूजन जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करें और तुरंत स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें। यह कार्यक्रम 10 फरवरी से 28 फरवरी तक चलाया जाएगा। पीसीआई के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर सुरेंद्र सिंह कुशवाहा ने नगर पंचायत के कर्मचारियों और स्थानीय प्रतिनिधियों से अपील की कि वे इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने जोर देकर कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही हम गंजमुरादाबाद को फाइलेरिया मुक्त बना सकते हैं। इस मौके पर सीएचसी गंजमुरादाबाद के बी सी पी एम मोहम्मद हारुन व सी फार के नवदीप सिंह ने भी इस संबंध में जानकारी दी। बैठक में नगर पंचायत कार्यालय के कर्मचारी, और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने इस अभियान में पूर्ण सहयोग देने का संकल्प लिया।
देखे फोटो।





