ऐतिहासिक विकास कार्यों के प्रणेता फारूक अहमद एडवोकेट को वकीलों ने किया सम्मानित

0
33

उन्नाव।अधिवक्ता एसोसिएशन बांगरमऊ के तत्वाधान में आज एक भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें उच्च न्यायालय के माध्यम से जनहित याचिकाओं (PIL) द्वारा क्षेत्र में ऐतिहासिक विकास कार्य कराने वाले प्रमुख समाजसेवी और वरिष्ठ अधिवक्ता फारूक अहमद को सम्मानित करने के साथ ही क्षेत्रीय भाजपा विधायक श्रीकांत कटियार को भी सम्मानित किया गया।
​ अधिवक्ता एसोसिएशन बांगरमऊ बार काउंसिल आफ उत्तर प्रदेश प्रयागराज से सम्बंधीकरण के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में तहसील क्षेत्र के ग्राम इस्माइलपुर आंबापारा (कुर्मिन खेड़ा) निवासी उच्च न्यायालय खंडपीठ लखनऊ के वरिष्ठ यश भारती अधिवक्ता तथा प्रमुख समाजसेवी फारूक अहमद एडवोकेट को सम्मानित किया गया। विदित हो कि फारूक अहमद एडवोकेट ने पिछले लंबे समय से बांगरमऊ और आस-पास के क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं, जैसे जर्जर सड़कें, स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव, तहसील, रोडवेज बस अड्डा, सब रजिस्टर ऑफिस, शारदा नहर पर पुल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, और शिक्षा जैसे तमाम मुद्दों को मा० उच्च न्यायालय के समक्ष जनहित याचिका के माध्यम से पुरजोर तरीके से उठाने का कार्य किया। उनके इन विधिक और सामाजिक प्रयासों के फलस्वरूप क्षेत्र में कई बड़े विकास कार्यों को मा उच्च न्यायालय के निर्देश पर सरकारी मंजूरी मिली और वे धरातल पर उतरे, जिससे आम जनमानस को बड़ी राहत मिली है। ​क्षेत्रीय भाजपा विधायक श्रीकांत कटियार ने भी फारूक अहमद एडवोकेट की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने बिना कोई भेदभाव के क्षेत्र के विकास में अपनी पूरी ताकत लगाकर जो ऐतिहासिक कार्य कराए हैं वह सराहनीय हैं। इनके ऐतिहासिक कार्यों को देखते हुए लोग इन्हें विकास पुरुष के नाम से जानते हैं। विधायक ने कराए गए विकास कार्यों को गिनाने के साथ ही क्षेत्र के विकास में अपना पूरा सहयोग देने का वादा किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट सत्यपाल ने कहा कि फारूक अहमद न केवल एक कुशल अधिवक्ता हैं, बल्कि वे समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को बखूबी समझते हैं। वकीलों के समुदाय के लिए यह गर्व का विषय है कि उनके बीच का एक साथी कानून की शक्ति का उपयोग जनकल्याण के लिए कर रहा है। अधिवक्ता एसोसिएशन के पदाधिकारियों और साथी वकीलों ने फारूक अहमद एडवोकेट को फूलों के हार पहनाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका जोरदार स्वागत किया।
कार्यक्रम स्थल पर अधिवक्ताओं ने उनके समर्थन में नारेबाजी की और उन्हें ‘विकास का नायक’ बताया।
एसोसिएशन की ओर से उन्हें एक विशेष स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य और दीर्घायु की कामना की गई। ​अपने संबोधन में भावुक होते हुए फारूक अहमद एडवोकेट ने कहा, “यह सम्मान मेरा नहीं, बल्कि न्याय व्यवस्था और उन सभी लोगों का है जिन्होंने मुझ पर भरोसा जताया। जनहित की यह लड़ाई आगे भी जारी रहेगी। मेरा उद्देश्य कोई राजनीति नहीं, बल्कि कानून के दायरे में रहकर अपने क्षेत्र को पिछड़ेपन से मुक्ति दिलाना है।” उन्होंने कहा कि बांगरमऊ में संचालित ग्राम न्यायालय के आर्थिक अधिकार 25 हजार से बढाकर 5 लाख रुपये तक करने के लिए उन्होंने उच्च न्यायालय इलाहाबाद के मुख्य न्यायाधीश को भी पत्र लिखा है। ​इस अवसर पर तहसील के अधिवक्ताओं में सत्यपाल एडवोकेट, बाल नारायण एडवोकेट, अनिल वर्मा एडवोकेट, सत्यनारायण कन्नौजिया, अजीत द्विवेदी, योगेश कुमार एडवोकेट, मुजम्मिल अहमद, मनोज गौतम, सुधीर कुमार मिश्रा “सिद्धू मिश्रा”, आदि ने भी फारूक अहमद एडवोकेट की प्रशंसा करते हुए अपने-अपने विचार व्यक्त किये। वक्ताओं ने बांगरमऊ को जिला बनाये जाने की भी मांग की। इस कार्यक्रम में अधिवक्ताओं के साथ ही गणमान्य व्यक्तियों, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक भारी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में फारूक अहमद के ऐतिहासिक प्रयासों की सराहना की। इस कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी फजलुर्रहमान किया।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here