मैथा,शिवली कानपुर देहात। ग्राम प्रधान व पंचायत सचिव की लापरवाही के चलते वर्षों से खस्ता हाल पडे खड़ंजे से आवागमन कर रहे ग्रामीणों का गुस्सा फूटा। मंगलवार को टूटे खड़ंजे का निरीक्षण करने पहुंचे ग्राम पंचायत सचिव के सामने ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान के खिलाफ हंगामा किया। ग्राम पंचायत सचिव द्वारा आश्वासन दिए जाने पर शांत हुए ग्रामीण।
बताते चलें कि मैथा विकासखंड क्षेत्र की ग्राम सभा बड़ागांव के ग्राम प्रधान की अनदेखी एवं लापरवाही के चलते खरंजा मार्ग खस्ता हाल हो जाने की वजह से गांव वालों को भारी मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रधान पर अनदेखी व अनियमितता का आरोप लगाते हुये बताया कि गांव का मुख्य मार्ग जिससे आम-जनमानस का आवागमन होता है वो पूर्णतः क्षतिग्रस्त हो चुका है मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं और बारिश के समय उनमें जलभराव से आये दिन राहगीर गिरते रहते हैं। खड़ंजा की समस्या को लेकर पिछले दिनों ग्रामीणों ने एकजुट होकर प्रशासन से गुहार लगाई थी। कि मुख्य मार्ग को सही कराकर आवागमन सुचारू रूप से संचालित किया जाये। ग्रामीणों की शिकायत पर मंगलवार को ग्राम पंचायत सचिव जब मौके पर निरीक्षण करने पहुंचे तो ग्रामीण ग्राम प्रधान पर लापरवाही और अनदेखी बरतने का आरोप लगाकर हंगामा करने लगे और ग्राम प्रधान को बुलाने की मांग करने लगे। काफी देर समझाने के पश्चात ग्रामीणो ने मार्ग को जल्द से जल्द सही कराने की बात पर शांत हुये। इस दौरान प्रमुख रूप से शिवनारायण अवस्थी, झल्लर शुक्ला, नन्हके राजपूत, सोनू सिंह, सजन सिंह, धर्मेंद्र सिंह, विवेक शुक्ला, अवनीश मिश्रा, पिंकू अवस्थी विमलेश, कंचन मिश्रा, धीरू अवस्थी समाज सेवक, राहुल अवस्थी, नीरज अवस्थी सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।




