उन्नाव।गंगाघाट नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि संदीप पांडे को मुंबई पुलिस ने एक गंभीर मामले में गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि उन्होंने पूर्व में दर्ज रेप केस की पीड़िता को ईमेल के जरिए अश्लील वीडियो भेजे और 50 लाख रुपये की मांग की।
1 माह पहले दर्ज कराई गई थी शिकायत
पीड़िता ने करीब एक माह पूर्व मीरा रोड पुलिस स्टेशन, मुंबई में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस जांच में भेजे गए ईमेल और वाई-फाई नेटवर्क की लोकेशन और डिवाइस डिटेल्स संदीप पांडे के पते और नाम से मेल खाती पाई गईं। इसके आधार पर मुंबई पुलिस टीम पीड़िता को साथ लेकर रविवार को गंगाघाट पहुंची।
कैंप कार्यालय से हुई गिरफ्तारी, पुलिस के बीच चला घंटों विवाद
पुलिस सूत्रों के अनुसार, संदीप पांडे जैसे ही फॉर्च्यूनर कार से अपने कैंप कार्यालय पहुंचे, पहले से तैनात मुंबई पुलिस इंस्पेक्टर राम किशन ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय कोई वारंट प्रस्तुत नहीं किया गया, जिस पर गंगाघाट पुलिस और मुंबई टीम के बीच IT एक्ट की धाराओं को लेकर बहस होती रही।
कोर्ट की शर्तों के उल्लंघन का आरोप
मुंबई पुलिस का कहना है कि संदीप पांडे पूर्व की FIR में कोर्ट से मिली जमानत की शर्तों का उल्लंघन कर रहे थे, इसलिए उनकी गिरफ्तारी आवश्यक हो गई थी। उन्होंने बताया कि संदीप को मुंबई की अदालत में 24 घंटे के भीतर पेश किया जाएगा और सभी कागजी कार्रवाई पूरी कर ली गई है।
वकील ने बताया मनमानी, पुलिस ने कहा कानूनी गिरफ्तारी
घटना की जानकारी मिलते ही संदीप पांडे के वकील मौके पर पहुंचे और आरोप लगाया कि मुंबई पुलिस ने बिना उचित प्रक्रिया के जबरन गिरफ्तारी की है, जिसमें कोई “बड़ा स्वार्थ” छुपा हुआ है। वहीं दूसरी ओर, मुंबई पुलिस के जांच अधिकारी ने स्पष्ट किया कि अदालत से मिली बेल की शर्तों की अवहेलना करने पर यह कार्रवाई की गई है।
लखनऊ फ्लाइट से रवाना हुई पुलिस टीम
कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस टीम संदीप पांडे को लखनऊ फ्लाइट के जरिए मुंबई रवाना करने की तैयारी में निकल गई है। मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर राजनीतिक हलचल भी देखी जा रही है।
यह मामला अब कानूनी और राजनीतिक दोनों ही दृष्टिकोण से खासा संवेदनशील होता जा रहा है। उन्नाव और मुंबई पुलिस के बीच की जांच और आगे की कोर्ट कार्यवाही पर सबकी निगाहें टिकी हैं।