धनुष टूटते श्री राम हुए मूर्छित,नेपाल के कुश से बना है अजगौ धनुष, लीला देखने को उमड़ी भक्तों की भारी भीड़

0
40
Oplus_131072

संवाददाता,घाटमपुर।नगर के स्व.सेठ सुखनंदन लाल ट्रस्ट कमेटी के द्वारा छ: दिवसीय रामलीला का आयोजन हुआ, चौथे दिन धनुष यज्ञ का मंचन सम्पन्न हुआ। रामलीला में सभी पात्र गांव के ही रहते हैं, जिन्हें एक माह पहले से अभिनय सिखाया जाता है। सभी पात्र बिना किसी अन्य प्रयोग के रामायण की चौपाई पर ही अभिनय करते हैं। धनुष टूटते ही भगवान श्री राम के स्वरूप का मूर्छित हो जाना अपने आप में आश्चर्यता है। रामलीला देखने को आसपास गांवों से लीला प्रेमियों की भारी भीड़ जुटती है। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिसबल भी मौजूद रहा! तहसील क्षेत्र के पतारा कस्बा स्थित सदर बाजार प्रांगण में विगत तीन सौ वर्षो की भांति सेठ सुखनंदन लाल ट्रस्ट कमेटी के द्वारा छ दिवसीय रामलीला का आयोजन किया गया है। ट्रस्ट कमेटी अध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने बताया कि रामलीला में चौथे दिन धनुष यज्ञ का मंचन किया गया। जिसमें रामायण की चौपाई के आधार पर “लेत चढ़ावत खैचत गाढ़े। काहु न लखा देखि सबु थाढ़े। तेहि छन राम मध्य धनु तोरा। भरे भुवन धुरी घोर कठोरा। चौपाई के साथ प्रभु श्री राम के स्वरूप ने अजगव धनुष को दो खंडों में विभाजित कर दिया,रामलीला मंचन के दौरान चौपाइयों के साथ धनुष टूटते ही श्रीराम स्वरूप के अभिनय का बालक कुछ समय के लिए मूर्छित हो जाता है। इस दौरान यहां पर पैर छूने के लिए भक्तों की कतार लग जाती है। लोगों की आस्था है, कि धनुष टूटते ही भगवान श्री राम की छवि कुछ समय के लिए भगवान श्री राम का स्वरूप बने बालक में आ जाती है। यहां पर आए भक्त शिवनारायण बाजपेई, आदित्य शर्मा, रज्जन पाठक से बात की गई तो उन्होंने बताया कि वह कमेटी के सदस्य हैं। बताया कि हमारे बुजुर्गों से यह परंपरा चली आ रही है, भक्तों का मानना है कि धनुष टूटते ही श्रीराम की छवि कुछ देर के लिए यहां पर आती है। जिसके प्रभाव स्वरूप श्री राम का वेश धारण किए हुए बालक अपने आप एक मिनट के लिए मूर्छित हो जाता है। इस रामलीला से क्षेत्र के लोगों की आस्था जुड़ी हुई है। स्व.सेठ सुखनंदन लाल ट्रस्ट कमेटी के सदस्य आदित्य शर्मा, रज्जन पाठक, बउवा जी, आदि बुजुर्ग बताते थे, कि अजगव धनुष का निर्माण नेपाल के विदिशा से लाए गए कुश से किया गया था। यहां पर रामलीला का मंचन होने के बाद भी समय समय पर धनुष की पूजा अर्चना की जाती है। साथ ही धनुष को प्रतिवर्ष नया कपड़ा और गोटा लगाकर तैयार किया जाता है, जिससे धनुष आकर्षण का केंद्र बना रहता है।बताया गया कि जब से रामलीला की शुरुआत हुई थी, तब से यही धनुष अभी भी चल रहा है। रामलीला के साथ धनुष भी तीन सौ साल पुराना हो गया है।

ट्रस्ट कमेटी अध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने बताया कि इस प्राचीन रामलीला में चौथे दिन धनुष यज्ञ को भगवान श्री राम व लक्ष्मण और मां सीता के स्वरूप को सोने के तार से बना हुआ मुकुट और सखियों को चांदी के जेवरात पहनाए जाते हैं। साथ ही कार्यक्रम में दरबान की लाठियां चांदी की होती हैं। वहीं मोरक्षल अन्य प्रभु से जुड़ी चीजें चांदी की धातु की बनी होती है। जो वर्ष में एक बार निकालकर लाई जाती है। जिसके बाद सभी को सुरक्षित लॉकर में रख दिया जाता है। कार्यक्रम के दौरान चांदी व सोने से सुसज्जित दरबार का मनमोहक दृश्य है। कार्यक्रम संयोजक रामजी गुप्ता ने बताया कि धनुष को तैयार किए गए स्थान पर उठाने से पहले पांच जनेऊ धारण करने वाले ब्राह्मण स्नान करते हैं। जिसके बाद सभी धोती व बनियान पहनकर धनुष और भगवान राम की पूजा अर्चना करने के बाद भगवान शिव का ध्यान करने के बाद धनुष को उठाकर कस्बा स्थित बाबा बैजनाथ धाम मंदिर के रास्ते सदर बाजार में पहुंचकर मिथलानगरी पर वेदी में रखते हैं। जिसके बाद सभी भगवान शिव की स्तुति करते हैं। मानो ऐसा प्रतीत होता है, की मिथला नगरी में वेदी पर धनुष रखा हुआ है।
जनक का अभिनय कर रहे देवांश पाठक के द्वारा संस्कृत के चौपाइयों पर लगभग आधा घंटे तक जनक विलाप किया गया। जनक विलाप सुनकर यहां पर मौजूद भक्तों के आंखों से आंसू छलक पड़े। कुछ भक्त तो रोते हुए दिखाई दिए। पंडाल में बैठा हर प्राणी जनक विलाप सुन भाव विभोर हो गए। चौथे दिन धनुष यज्ञ में लक्ष्मण परशुराम संवाद सुनने आसपास गांवों से लोगों की भारी भीड़ जमा होती है। लगभग चार घंटे चले लक्ष्मण परशुराम संवाद में लोगों का मन मोह लिया। संवाद के अंत में प्रभु श्री राम परशुराम जी के धनुष की प्रत्यंचा चढ़ाकर उन्हें अपने स्वरूप की जानकारी देते है। जिसके बाद परशुराम के द्वारा “भाग्य की शुभ घड़ी,देखौ मोरे भाग्य की शुभ घड़ी” गायन के साथ अपने द्वारा की गई भूल स्वरूप अपनी गलती मानते है,जिसके बाद रामलीला का समापन हो जाता है। पतारा कस्बा निवासी आनंद शुक्ला (बउवा) ने बताया कि उन्होंने खुद नौ वर्ष भगवान श्री राम का अभिनय किया है। जिसके बाद वह तीन वर्ष तक राजा जनक अभिनय करते रहे। अब वह बच्चों को अभिनय के लिए तैयार करते है। उन्होंने बताया कि रामलीला में सभी पात्र गांव के ही होते है। बच्चों के द्वारा मिले अपने अभिनय का पूरी मेहनत के साथ निर्वाहन करते हैं। भगवान श्री राम का अभिनय कर रहे बालक ने बताया कि धनुष टूटने तक तो उन्हें याद है, इसके बाद उसकी आंखे अचानक बंद हो गई। कुछ देर बाद खुली तो कई लोग उसे संभालने में लगे थे। कई लोग तो उनके पैरों को छूने में लगे हुए थे। स्वरूप ने बताया कि धनुष कितने समय टूटा और वो कैसे मूर्क्षित हुए कुछ भी नहीं समझे पाए।

देखें फोटो।

 


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here