प्रमुख संवाददाता अजहर उद्दीन थरियांव फतेहपुर। लड़की की शादी के लिए बैंक से लिया गया लोन चुकता न कर पाने से आहत किसान ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। जानकारी के अनुसार थरियांव थाना क्षेत्र के दिमांगरपुर मजरे रामपुर थरियांव निवासी 55 वर्षीय किसान शिवदास लोधी पुत्र स्व सुंदर लोधी ने सुबह अपने कमरे के छत के कुंडे में फांसी लगाकर जान दे दिया। पत्नी राजकली ने बताया कि बड़ी लड़की सुनैना की शादी के लिए वर्ष 2018 में भारतीय स्टेट बैंक थरियांव से किसान क्रेडिट कार्ड पर 300000 का कर्ज लिया था। पांच साल पूरे हो गए थे कर्ज वापस नहीं कर पाए थे। वही छोटी लड़की की शादी करने का वक्त आ गया था। जिसके कारण पति रोजाना परेशान रहते थे। पत्नी ने बताया कि घर में
रोजाना यही कहते थे कि अब छोटी लड़की की शादी कैसे करेंगे पैसा तो है नहीं और बैंक के लोग रोजाना आकर पैसा जमा करने के लिए कहते रहते है। मृतक किसान अपने लड़के की भी शादी कर दी थी और लड़का मुंबई में रहकर मेहनत मजदूरी करता है। पिता के कर्ज को लड़का अदा करने के लिए तैयार नहीं था। जिससे किसान ने परेशान होकर फांसी लगाकर जान दे दी। पत्नी ने जैसे ही पति को फान्सी में लटकते देखा तो चिल्लाने लगी। पत्नी को चिल्लाते देख मोहल्ले के लोग इकट्ठा हो गए और शव को नीचे उतार लिया। यह खबर सुनते ही लड़की सुनैना, गौरी पत्नी का रो-रो का बुरा हाल रहा। पिता की मरने की खबर बेटे को परिवार के लोगो ने दे दी है। मृतक की पत्नी ने बताया कि उनका एक ही लड़का है और वो बाहर मुंबई में है। उसके आने का इंतजार किया जा रहा है। थानाध्यक्ष रणजीत बहादुर सिंह ने बताया कि इस तरह की कोई खबर नहीं मालूम है। अगर मालूम होती है तो आवश्यक कार्यवाही की भी जायेगी ।