राशि के अनुसार रत्न धारण करने का महत्व व प्रभाव ज्योतिषाचार्य नीरज शर्मा

0
98

 

हरिशंकर शर्मा
कानपुर (उत्तर प्रदेश) ज्योतिष और रत्नशास्त्र का बेजोड़ और अटूट रिश्ता है| ज्योतिष शास्त्र में प्राकृतिक रूप से उपलब्ध रत्नों को बहुत खास माना गया है| ज्योतिष के अनुसार सभी 12 राशियों के लिए कोई न कोई एक खास रत्न जरूर होता है जो उस राशि के स्वामी और उनकी प्रकृति के आधार पर तय किया जाता है| इन रत्नों को धारण करने से अशुभ ग्रहों के प्रभाव को कम किया जा सकता है| आइए जानते हैं कि इन 12 राशियों के लिए कौन सा रत्न सबसे शुभ होता है जिसे धारण करके आप भी शुभ प्रभाव प्राप्त कर सकते हैं| ज्योतिषाचार्य नीरज शर्मा के अनुसार-

✓ मेष राशि: मेष राशि के स्वामी मंगल माने जाते हैं जो कि साहस, पराक्रम, निर्भीकता और शौर्य के प्रतीक होते हैं| इन्हें नवग्रहों में सेनापति के पद से सम्मानित किया गया है| मेष राशि के लोगों को मंगल को मजबूत बनाने के लिए ‘मूंगा’ धारण करना चाहिए|

✓ वृषभ राशि: वृषभ राशि के स्वामी शुक्र ग्रह हैं जो कि शुभ प्रभाव वाले बेहद शांत ग्रह के रूप में माने जाते हैं| शुक्र को धन, वैभव, ऐश्वर्य और विलासिता का कारक माना जाता है| आपको शुक्र की शुभता प्राप्त करने के लिए ‘हीरा’ या फिर ‘ओपल’ पहनना चाहिए|

✓ मिथुन राशि: बुध के स्वामित्व वाली मिथुन राशि के जातक स्वभाव से बेहद मिलनसार होते हैं| बुध के शुभ प्रभाव से आपको मधुर वाणी और अच्छी नौकरी प्राप्त होती है| बुध का कमजोर होना कैरियर में असफलता देता है| जिन लोगों की कुंडली में बुध ग्रह कमजोर हो उन्हें ‘पन्ना’ धारण करना चाहिए|

✓ कर्क राशि: कर्क राशि के स्वामी चंद्रदेव होते हैं और उनके अशुभ होने पर व्यक्ति का स्वास्थ्य प्रभावित होता है और उसे मानसिक परेशानियां बनी रहती हैं| सर्दी, जुकाम और मानसिक समस्याएं चंद्रमा के कमजोर होने की वजह से होती हैं| चंद्रमा को मजबूत करने के लिए कर्क राशि के जातकों को ‘मोती’ धारण करना चाहिए|

✓ सिंह राशि: सभी ग्रहों के राजा सूर्यदेव सिंह राशि के स्वामी माने जाते हैं| यदि आपकी कुंडली में सूर्य कमजोर है तो आपके पिता से संबंध खराब हो सकते हैं और इसके अलावा मान-सम्मान में भी कमी आ सकती है| मेहनत करने के बाद भी फल नहीं मिलता है| कुंडली में सूर्य को मजबूत करने के लिए ‘माणिक’ पहनना चाहिए|

✓ कन्या राशि: कन्या राशि के स्वामी बुध ग्रह माने जाते हैं| बुध को प्रसन्न करने के लिए आपको ‘पन्ना’ पहनना चाहिए| इससे कारोबार में उन्नति होती है|

✓ तुला राशि: तुला राशि के स्वामी शुक्र है जो कि दांपत्य जीवन में सुख और रिलेशनशिप को मजबूती प्रदान करते हैं| शुक्र को प्रसन्न करने पर आपको हर प्रकार की भौतिक सुख-सुविधाओं की प्राप्ति होती है| इस राशि के जातकों को ‘हीरा’ या फिर ‘जरकन’ पहनना चाहिए|

✓ वृश्चिक राशि: वृश्चिक राशि के स्वामी मंगल देव हैं जो कि ज्योतिष में क्रूर ग्रह के रूप में विख्यात हैं| मंगल के बिगड़ने पर आपके दांपत्य जीवन में भी खलबली मच जाती है तो वहीं शत्रु भी आपको नुकसान पहुंचाना आरंभ कर देते हैं| वृश्चिक राशि वाले मंगल को शुभ करने के लिए ‘मूंगा’ धारण करें तो बेहतर होगा|

✓ धनु राशि: इस राशि का स्वामी देवताओं के गुरु बृहस्पति को माना जाता है| कुंडली में गुरु के शुभ होने पर ही हमें कैरियर में सफलता प्राप्त होती है और महिलाओं को सोना-चांदी गुरु की कृपा से ही मिलता है| ऐसे में कुंडली में गुरु को मजबूत करने के लिए आपको ‘पुखराज’ पहनना चाहिए|

✓ मकर राशि: मकर राशि का स्वामी कर्मफल दाता शनि देव को माना जाता हैं| शनि के अशुभ प्रभाव से स्वास्थ्य कमजोर होता है और शत्रु बाधा उत्पन्न होती है| कारोबार मंदा रहता है| शनि देव को प्रसन्न करने के लिए आपको ‘नीलम’ धारण करना चाहिए|

✓ कुंभ राशि: कुंभ राशि का स्वामी भी शनि को माना जाता है| शनि के अशुभ प्रभाव से घर में कलह होती है, दांपत्य जीवन बिखर जाता है और मानसिक अशांति बनी रहती है| शनिदेव को प्रसन्न करने के लिए ‘नीलम’ या ‘गोमेद’ पहनना चाहिए|

✓ मीन राशि: मीन राशि का स्वामी देव गुरु बृहस्पति को माना जाता है| गुरु के कमजोर होने के कारण बुद्धि बिगड़ जाती है, समाज में मान-सम्मान नहीं मिलता और झूठा कलंक भी लगता है| कुंडली में गुरु को मजबूत करने के लिए आपको ‘पुखराज’ धारण करना चाहिए|


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here